नोएडा-गाजियाबाद अपडेट: औषधि पार्क में खुलेगा प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र, गाजियाबाद में पल्स पोलियो अभियान व हाउस टैक्स की तारीख बढ़ी

दिल्ली-एनसीआर की बड़ी खबरें: डीडीए 446 एमआईजी फ्लैट बुकिंग, गोड्डा विशेष ट्रेन, नोएडा बस टर्मिनल विकास, गाजियाबाद हाउस टैक्स ओटीएस और नूंह जनगणना कार्यक्रम।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा खुशहाल परिवार आवास योजना को लेकर कुल 446 एमआईजी फ्लैटों के लिए खरीदार पंजीकरण व बुकिंग कर सकते हैं। इसमें लोकनायकपुरम में 133, जहांगीरपुरी में 17 और नरेला में 296 एमआईजी फ्लैटों के लिए खरीदार आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए DDA वेबसाइट https://dda.gov.in/ पर जाएं।

🚆 गोड्डा के लिए विशेष रेलगाड़ी चलेगी

यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली के शकूर बस्ती से गोड्डा (झारखंड) स्टेशन के बीच विशेष ट्रेन चलेगी। गाड़ी संख्या 03459 गोड्डा से रोज 25 नवंबर तक सुबह 8:00 बजे चलकर अगली दोपहर 2:15 बजे शकूर बस्ती पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 03460 रोज 26 नवंबर तक दोपहर 3:30 बजे चलकर अगली रात 10:30 बजे गोड्डा पहुंचेगी।

🎭 त्रिवेणी थिएटर फेस्ट के लिए आवेदन का मौका

त्रिवेणी कला संगम की ओर से आयोजित होने वाले चौथे त्रिवेणी थिएटर फेस्ट के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 24 नवंबर कर दी गई है। यह महोत्सव 21 से 28 फरवरी तक आयोजित होगा। इसमें दिल्ली-एनसीआर के थिएटर समूहों को अपनी प्रस्तुति देने का मौका मिलेगा। इच्छुक समूह ttf2027@trivenikalasangam.org पर संपर्क कर सकते हैं।

🏛️ पुरानी दिल्ली की हवेली सांस्कृतिक केंद्र बनेगी

पुरानी दिल्ली की ऐतिहासिक विरासत को नया स्वरूप देने की तैयारी है। दिल्ली नगर निगम प्रशासन और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) मिलकर खारी बावली और लाहौरी गेट के पास स्थित श्री नारायण हवेली को सांस्कृतिक केंद्र व संग्रहालय के रूप में विकसित करेंगे। इस परियोजना के तहत हवेली का विकास, संचालन और रखरखाव किया जाएगा।

🚌 बस टर्मिनल में कई सुविधाएं बढ़ेंगी

नोएडा के सेक्टर-38ए बॉटनिकल गार्डन बस टर्मिनल को चमकाने का काम शुरू हो गया है। इसको नए आकार में बनाकर सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। इसी क्रम में प्राधिकरण ने यहां पर ईवी चार्जिंग स्टेशन बनाने, फसाड़ लाइटें लगाने समेत अन्य काम के लिए टेंडर जारी कर दिया है। इन काम पर 9 करोड़ 45 लाख 51 हजार रुपये का खर्च आएगा। आने वाले समय में यहां से अधिक संख्या में इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू किया जाना प्रस्तावित है।

🌿 औषधि पार्क में प्राकृतिक चिकित्सा की सुविधा होगी

नोएडा के सेक्टर-91 में बने औषधि पार्क में अब लोगों को प्राकृतिक चिकित्सा का भी फायदा मिलेगा। प्राधिकरण ने अब इस पार्क में आयुर्वेदिक और नेचुरोपैथी चिकित्सा केंद्र खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभी पार्क में सुबह और शाम मिलाकर करीब दो हजार से अधिक लोग पार्क में सैर के लिए आते हैं। चिकित्सा केंद्र शुरू होने के बाद ये लोग आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से अपना इलाज करा सकेंगे।

💧 पल्स पोलियो अभियान आज

गाजियाबाद जिले में रविवार को पल्स पोलियो अभियान चलेगा। शून्य से पांच वर्ष तक के 7.33 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए जिले में 1,600 पोलियो बूथ बनाए गए हैं, 2,600 टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी।

🏠 हाउस टैक्स जमा करने की तारीख बढ़ी

गाजियाबाद नगर निगम में हाउस टैक्स के बकायेदारों को राहत देने के लिए लागू OTS की समयसीमा शासन ने एक माह और बढ़ा दी है। पहले योजना के तहत आवेदन करने की अंतिम तारीख 14 नवंबर थी जिसे बढ़ाकर 14 दिसंबर कर दिया है। वहीं, बकाया टैक्स जमा करने की अंतिम तारीख 15 दिसंबर से बढ़ाकर 15 जनवरी कर दी है।

📊 नूंह में 25 जनवरी से शुरू होगी जनगणना

नूंह जिले में जनगणना-2027 के तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी तक घर-घर जाकर जनसंख्या की गणना की जाएगी। उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि नागरिक 10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन स्व-गणना भी कर सकेंगे। इसके लिए 10 से 24 जनवरी तक se.census.gov.in पोर्टल पर परिवार की जानकारी दर्ज की जा सकती है। जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति से निर्धारित 40 सवाल पूछे जाएंगे। कर्मचारी स्मार्टफोन के माध्यम से आंकड़े दर्ज करेंगे।

💼 छात्रों के लिए रोजगार मेला लगेगा

गुरुग्राम के सरकारी स्कूलों में पढ़ाई के साथ व्यावसायिक शिक्षा हासिल करने वाले विद्यार्थियों को रोजगार पाने का अवसर मिलेगा। समग्र शिक्षा गुरुग्राम की ओर से 23 नवंबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) में एक दिवसीय रोजगार मेला लगेगा। इसमें जिले के सरकारी स्कूलों से राष्ट्रीय कौशल योग्यता ढांचे (NSQF) के तहत व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा कर चुके विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। मेले में 24 कंपनियां युवाओं को नौकरी देने के लिए पहुंचेंगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.