Bawani Khera: बलियाली में बिजली संकट पर फूटा गुस्सा; निगम कार्यालय का घेराव, मिला आश्वासन

बवानीखेड़ा के बलियाली गांव में बिजली फॉल्ट और लाइनमैन की कमी से ग्रामीण परेशान। बिजली निगम कार्यालय का घेराव कर किया प्रदर्शन, जेई ने एक हफ्ते में समाधान का दिया भरोसा।

बवानीखेड़ा। गांव बलियाली में लाइनमैन की कमी और बार-बार बिजली फॉल्ट की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को बिजली निगम कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि लाइनमैनों की कमी के कारण बिजली सप्लाई सुचारु रूप से नहीं मिल रही और फॉल्ट आने पर भी समय पर समाधान नहीं किया जाता।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने के कारण बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं। बिजली समस्या को लेकर शनिवार को ग्रामीण बिजली निगम कार्यालय पहुंचे और निगम व सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।

विरोध प्रदर्शन के दौरान सरपंच सचिन सरदाना भी मौके पर पहुंचे। ग्रामीण बिमला, स्वास्तिक, रेखा, रामरती, सीता, सुनहेरी, सोनू, अजय, अंगूरी, सरोज और अनीता ने बताया कि पहले गांव में तीन लाइनमैन कार्यरत थे लेकिन अब केवल एक लाइनमैन है जो शाम पांच बजे के बाद घर चला जाता है।

ग्रामीणों ने कहा कि छोटा फॉल्ट या फ्लूज लगाने जैसे कार्यों के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ता है। शुक्रवार रात को गांव की दो बस्तियों में बिजली नहीं थी जिससे लोगों को पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ी। विरोध प्रदर्शन की सूचना मिलने पर जेई अजय और अमित मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर लाइनमैन की नियुक्ति कर दी जाएगी। साथ ही ओवरलोड ट्रांसफार्मरों का लोड कम करने के लिए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब डेढ़ घंटे बाद प्रदर्शन समाप्त कर अपने घर लौट गए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.