Ghaziabad: NHM संविदा कर्मचारियों की हड़ताल खत्म, CMO के इस आश्वासन पर माने कर्मचारी
गाजियाबाद में एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म की। सीएमओ के आश्वासन के बाद सोमवार से खातों में आएगा 2 महीने का रुका वेतन।
गाजियाबाद । एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने शुक्रवार को हड़ताल खत्म कर दी। वेतन मिलने के आश्वासन पर संघ ने यह निर्णय लिया। एनएचएम संविदा कर्मचारी संघ की जिलाध्यक्ष हिमानी कौशिक और जिला महामंत्री डॉ. चेतन वर्मा ने बताया कि प्रांतीय संगठन के आह्वान पर सीएमओ के साथ हुई बैठक के बाद निर्णय लिया गया। कर्मचारी पिछले दो माह से वेतन न मिलने के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। बैठक में सीएमओ ने दावा किया कि वेतन का बजट जारी हो चुका है और शनिवार-रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार से कर्मचारियों के खातों में वेतन आना शुरू हो जाएगा।
आश्वासन मिलने के बाद संघ ने अगले सप्ताह तक आंदोलन रोकने का निर्णय लिया है। हालांकि, कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि तय समय पर वेतन नहीं आया तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।