Modinagar Crime: जमीन दिलाने के नाम पर प्रॉपर्टी डीलर से ₹2.5 करोड़ की ठगी, केस दर्ज
मोदीनगर में 14 बीघा जमीन दिलाने के नाम पर प्रॉपर्टी डीलर से ढाई करोड़ रुपये की धोखाधड़ी। एग्रीमेंट के बाद दूसरे को बेची जमीन। पुलिस ने आरोपी अरुण शर्मा पर दर्ज किया केस।
मोदीनग । गांव सीकरी खुर्द निवासी प्रॉपटी डीलर को 14 बीघा कृषि भूमि दिलाने का झांसा देकर ढाई करोड़ रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव सीकरी खुर्द निवासी नीटू चौधरी प्रॉपटी डीलिंग का काम करते हैं। नीटू चौधरी ने बताया कि 14 बीघा कृषि भूमि दिलाने की डील मिली। इसके बाद कृषि भूमि की तलाश शुरू की। कस्बा फरीदनगर में 14 बीघा कृषि भूमि मिल गई और बीस करोड़ रुपये में सौदा तय हो गया। पेशगी के तौर पर ढाई करोड़ रुपये दे दिए और बाकी रकम बैनामा के समय देने की बात तय हुई।
मोदीनगर तहसील में इस बाबत एग्रीमेंट भी किया गया। इस बीच नीटू की तबीयत खराब हो गई। लंबे समय तक वह अस्पताल में भर्ती रहे। जब वह ठीक हुए तो पता चला कि कृषि भूमि किसी अन्य को बेच दी गई है। जब उन्होने अपने रुपये वापस मांगे तो वह तो आनकानी करने लगे। इस संबंध में पीड़ित पक्ष ने डीसीपी ग्रामीण से मिलकर शिकायत दी। डीसीपी ग्रामीण ने मोदीनगर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर अरुण शर्मा निवासी गांव सीकरी कलां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।