टोहाना क्राइम: ITI छात्र पर 15-20 युवकों ने किया हमला, हालत नाजुक

टोहाना में पुरानी रंजिश के चलते ITI छात्र शिंपू पर लाठी-डंडों से हमला। गंभीर हालत में अग्रोहा रेफर। पुलिस ने दर्ज किए बयान, आरोपियों की तलाश जारी।

टोहाना :  शहर के रेलवे रोड पर सोमवार को 20 वर्षीय आईटीआई छात्र शिंपू पर 15-20 युवकों ने लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल छात्र को पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक देख अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घायल शिंपू तिलक नगर का रहने वाला है और आईटीआई में मशीनिस्ट ट्रेड के दूसरे वर्ष का छात्र है। शिंपू ने बताया कि वह रोज की तरह सुबह आईटीआई जा रहा था। जैसे ही वह रेलवे रोड स्थित गुरुद्वारा के पास पहुंचा, पीछे से आए 15-20 लड़कों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। हमले में उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की मदद से उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया।

शिंपू ने हमले के पीछे पुरानी रंजिश बताई। उसके अनुसार कुछ दिन पहले कुछ युवक आईटीआई में एक छात्र को उठाने आए थे। तब शिंपू ने बीच-बचाव कर उस छात्र को छुड़वा दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी युवक उससे रंजिश रखे हुए थे और सोमवार को मौका पाकर उस पर हमला कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चंडीगढ़ रोड चौकी प्रभारी ओमप्रकाश जांगड़ा पुलिस टीम के साथ नागरिक अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल छात्र के बयान दर्ज किए। चौकी प्रभारी ने बताया कि छात्र ने कुछ युवकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। बयान के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.