नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: 36,000 वाहनों के चालान, 145 गाड़ियां सीज

नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अवैध पार्किंग, ओवरलोडिंग और स्टंटबाजी के खिलाफ महाभियान। 36 हजार वाहनों के चालान, 309 बिना नंबर प्लेट के ट्रक पकड़े गए। पूरी रिपोर्ट यहाँ पढ़ें।

नोएडा पुलिस ने जिले के तीनों जोन में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। 21 से 24 मई तक चले इस विशेष अभियान में अवैध पार्किंग, बिना नंबर प्लेट के डंपर, ओवरलोडिंग, डग्गामार वाहन, स्टंटबाजी, ओवरस्पीडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई। अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा मजबूत करना और यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाना था।

पुलिस ने इस दौरान 36 हजार से अधिक वाहनों के खिलाफ चालान करते हुए 145 वाहनों को सीज किया। नोएडा जोन में पुलिस ने सबसे अधिक अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की। यहां 3001 अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों का चालान किया गया। इसके अलावा 114 बिना नंबर प्लेट और ओवरलोडिंग डम्पर, 72 डग्गामार वाहन, 120 स्टंटबाजी करने वाले वाहन, पांच बिना फिटनेस की स्कूल बसें, 244 ओवरस्पीड वाहन और 197 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई हुई। अन्य श्रेणी में 4249 वाहनों के चालान किए गए और 40 वाहन सीज किए गए। सेंट्रल नोएडा जोन में 836 अवैध पार्किंग, 107 ओवरलोडिंग और बिना नंबर प्लेट डम्पर, 26 डग्गामार वाहन, 16 स्टंटबाज वाहन और आठ बिना फिटनेस स्कूल बसों पर कार्रवाई की गई। यहां 284 ओवरस्पीड वाहन और 379 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ भी चालान किए गए। कुल 10 वाहनों को सीज किया गया।

ग्रेटर नोएडा जोन में भी अभियान के दौरान 374 अवैध पार्किंग, सात ओवरलोडिंग डम्पर, 20 डग्गामार वाहन और आठ स्टंटबाज वाहनों पर कार्रवाई हुई। वहीं, 255 ओवरस्पीड वाहन और 19 नशे में वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ चालान किए गए। यातायात पुलिस ने अलग से अभियान चलाते हुए 3773 अवैध पार्किंग, 580 ओवरलोडिंग और बिना नंबर प्लेट डम्पर, 49 डग्गामार वाहन और 31 स्टंटबाज वाहनों पर कार्रवाई की।

बिना नंबर प्लेट के मिले 309 ट्रक

वहीं, पुलिस ने अवैध खनन और ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए भी कार्रवाई की। 23 और 24 मई को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान 61 खनन स्थलों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाले 309 डंपर और ट्रकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में कमिश्नरेट पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीमें शामिल रहीं। अधिकारियों ने खनन क्षेत्रों से गुजरने वाले कुल 447 डंपर और ट्रकों की जांच की। जांच के दौरान 101 वाहन ओवरलोड पाए गए। इनमें से 89 वाहनों के चालान किए गए, जबकि 12 वाहनों को जब्त किया गया। ओवरलोडिंग के मामलों में कुल चार लाख 99 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि बड़ी संख्या में वाहन बिना नंबर प्लेट के सड़कों पर दौड़ रहे थे। अभियान के दौरान 309 डंपर और ट्रक बिना नंबर प्लेट के मिले। इनमें से 283 वाहनों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई, जबकि 26 वाहनों को सीज कर दिया गया। इस कार्रवाई के तहत 75 हजार रुपये का शमन शुल्क भी वसूला गया।

सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अवैध खनन और ओवरलोडिंग न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा बनते हैं। ओवरलोड वाहन अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं और सड़कों को भी नुकसान पहुंचाते हैं। वहीं, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों की पहचान करना मुश्किल होता है, जिससे आपराधिक गतिविधियों में इनके इस्तेमाल की आशंका बनी रहती है।

आगे भी चलाए जाएंगे विशेष अभियान

कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह विशेष अभियान चलाए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सड़क सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि संयुक्त अभियान का उद्देश्य अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत करना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.