गुड़गांव मुठभेड़: हिमांशू भाऊ गैंग के 2 शार्प शूटर गिरफ्तार, पुलिस से हुई 15 राउंड फायरिंग
गुड़गांव के दिल्ली-जयपुर हाईवे पर क्राइम ब्रांच और हिमांशू भाऊ गैंग के बीच मुठभेड़। 15 राउंड फायरिंग के बाद शूटर करण और प्रवेश गिरफ्तार। पुलिस की गाड़ी पर लगीं 3 गोलियां।
गुड़गांव : इस वक्त की बड़ी खबरा हरियाणा के गुड़गांव जिले से आ रही है जहां देर रात को दिल्ली जयपुर हाइवे पर सहरावन गांव के पास हिमांशू भाऊ गैंग के दो शॉर्प शूटरों और अपराध शाखा सेक्टर-40 की टीम के बीच मुठभेड़ हो गई। बाइक पर जा रहे दोनों शूटरों को जब पुलिस की टीम ने रुकवाने का प्रयास किया तो दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
करीब 15 राउंड फायरिंग के दौरान दोनों शूटरों के पैर पर गोली लगी जिन्हें पुलिस ने गुड़गांव के सेक्टर-10 स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों की पहचान करण उर्फ रोनी व प्रवेश के रूप में हुई। दोनों ही दिल्ली के कंझावला एरिया के रहने वाले हैं जिन पर हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती सहित कई संगीन अपराधों के केस दर्ज हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस को हथियार भी मिले हैं।
इस मुठभेड़ के दौरान तीन गोलियां पुलिस की गाड़ी पर भी लगी हैं। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ है। पुलिस की मानें तो अपराध शाखा सेक्टर-40 को दोनों आरोपियों के स्पलेंडर बाइक पर सवार होकर मानेसर एरिया से गुजरने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने जब जांच के लिए नाकाबंदी की और बाइक पर संदिग्धों को देखकर उन्हें रुकवाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच के दौरान सामने आया है कि दोनों ही हिमांशू भाऊ गैंग के शूटर हैं और पिछले दिनों दिल्ली में हुई फायरिंग मामले में भी आरोपी शामिल रहे हैं। फिलहाल आरोपियों की अस्पताल से छुट्टी होने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।