गुरुग्राम: CM सैनी ने 312 नई ERV को दिखाई हरी झंडी; योग पखवाड़े का आगाज़

गुरुग्राम में CM नायब सिंह सैनी ने 312 नए इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स (ERVs) को किया रवाना। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले प्रदेशव्यापी योग पखवाड़े की घोषणा।

गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-29 स्थित लेजर वैली ग्राउंड में योग कर प्रदेशवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया. इस दौरान कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे. कार्यक्रम आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के तहत आयोजित किया गया.

योग पखवाड़े की घोषणा: मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी योग पखवाड़े की घोषणा करते हुए कहा कि जिला, ब्लॉक, पंचायत, गांव और वार्ड स्तर तक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य योग को हर नागरिक की दिनचर्या का हिस्सा बनाना है ताकि समाज स्वस्थ और सशक्त बन सके.

“योग युक्त हरियाणा, नशा मुक्त हरियाणा” का आह्वान: युवाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने नशे से दूर रहने की अपील की. उन्होंने कहा कि, “विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है, जब देश का हर नागरिक स्वस्थ हो. योग युक्त हरियाणा, नशा मुक्त हरियाणा हमारा संकल्प है और युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगानी चाहिए.”

312 नई ERV को दिखाई हरी झंडी: कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सुरक्षा और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली को मजबूत करने के लिए 312 नए इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स (ERVs) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इन वाहनों को डायल-112 हेल्पलाइन प्रणाली से जोड़ा गया है, जिससे आपात स्थिति में लोगों तक तेजी से सहायता पहुंचाई जा सकेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि, “ये ERV गाड़ियां समयबद्ध तरीके से सबसे पहले मौके पर पहुंचेंगी. नए वाहनों के जरिए दूर-दराज और संकरी जगहों तक भी त्वरित सुरक्षा और सहायता सुनिश्चित की जा सकेगी. इससे पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता और आपातकालीन सेवाओं की प्रभावशीलता में उल्लेखनीय सुधार होगा.”

गुरुग्राम और फरीदाबाद को मिला विशेष आवंटन: नई व्यवस्था के तहत गुरुग्राम को 60 नई मोटरसाइकिलें और एक होंडा एलिवेट वाहन उपलब्ध कराया गया है. वहीं फरीदाबाद की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 40 नई मोटरसाइकिलें सौंपी गई हैं. सरकार का मानना है कि इससे दोनों शहरों में पुलिस की पहुंच और प्रतिक्रिया समय बेहतर होगा.

Leave A Reply

Your email address will not be published.