यमुना सिटी में बनेंगे 10 नए सेक्टर, ग्रेटर नोएडा में गरीबों को मिलेंगे फ्लैट
यमुना सिटी में जापानी और सिंगापुर सिटी के लिए विकसित होंगे 10 नए सेक्टर। ग्रेटर नोएडा के बिरौंडा और पतवाड़ी में बनेंगे श्रमिकों के लिए किफायती फ्लैट।
ग्रेटर नोएडा के पास यमुना सिटी में दस और नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने इसके लिए लैंड बैंक बनाने की तैयारी कर ली है। इन सेक्टरों में जापानी, सिंगापुर सिटी समेत अन्य परियोजनाओं को जमीन दी जाएगी।
यमुना प्राधिकरण ने बताया कि शहर में वर्तमान में 52 सेक्टर विकसित किए जा चुके हैं। वहीं, 46 सेक्टर विकसित करने के लिए सर्विस मास्टर प्लान बनाने की योजना पर काम चल रहा है। मास्टर प्लान-2041 के अनुसार पहले फेज में गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर का करीब 75 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल विकसित किया जा रहा है।
सर्विस मास्टर प्लान तैयार कराने को आरएफपी जारी
अब तक 35 हजार हेक्टेयर से ज्यादा क्षेत्र का विकास हो चुका है। ऐसे में अब शहर को विस्तार देने के लिए यीडा 10 और सेक्टर विकसित करने के लिए भूमि खरीद शुरू करने जा रहा है। नए सेक्टरों के लिए लैंडबैंक बनाने की योजना पर काम शुरू कर दिया गया है। वहीं, 46 नए सेक्टरों में जलापूर्ति, सीवर और ड्रेनेज के लिए सर्विस मास्टर प्लान तैयार कराने के लिए आरएफपी जारी कर आवेदन मांगे हैं।
आरके सिंह, सीईओ, यीडा, ”शहर में दस और सेक्टरों के लिए लैंडबैंक तैयार किया जाएगा। भूमि खरीद के लिए पूर्व में ही शासन से 2800 करोड़ प्राप्त हो चुके हैं। एयरपोर्ट के आसपास के सेक्टरों को विकसित करना प्राथमिकता है।”
ग्रेटर नोएडा में गरीब परिवारों के लिए किफायती फ्लैट बनेंगे
वहीं, ग्रेटर नोएडा में आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) परिवारों के लिए किफायती फ्लैट बनाने की योजना पर काम तेज कर दिया गया है। बिरौंडा और पतवाड़ी गांव के पास बहुमंजिला सोसाइटी के निर्माण के लिए जगह चिह्नित की गई है। परियोजना विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक राजेश कुमार निम ने बताया कि बिरौंडा गांव के पास 18 हजार वर्गमीटर जमीन चिह्नित की गई है। यहां पर 30 वर्गमीटर आकार के 12 मंजिला फ्लैट बनाए जा सकते हैं। इसमें लिफ्ट का भी प्रावधान होगा। साथ ही दैनिक उपयोग की वस्तुओं के लिए दुकानों का भी निर्माण किया जाएगा। इसकी विस्तृत रिपोर्ट नियोजन विभाग को भेज दी गई है। वहीं ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पतवाड़ी गांव में भी किफायती फ्लैट बनाने के लिए जमीन चिह्नित की गई है।
ग्रेटर नोएडा के सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि श्रमिकों के लिए किफायती फ्लैट बनाए जाने हैं। इसके लिए परियोजना और नियोजना विभाग को दिशानिर्देश दिए गए हैं। जमीन चिन्हित करने के बाद योजना को अंतिम रूप जा रहा है। कम दाम में अच्छे फ्लैट दिलाने का प्रयास रहेगा।