डासना मंदिर पहुंचे सलीम वास्तिक: यति नरसिंहानंद ने किया समर्थन
हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा काट चुके सलीम वास्तिक का डासना मंदिर में यति नरसिंहानंद ने स्वागत किया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद मामला फिर गरमाया।
अपहरण और हत्या के 31 साल पुराने मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका सलीम वास्तिक एक बार फिर चर्चा में हैं। हाल ही में दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए सलीम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अब वह गाजियाबाद के डासना देवी मंदिर पहुंचा, जहां उसका स्वागत किया गया। इस दौरान शिवशक्ति धाम डासना के पीठाधीश्वर यति नरसिंहानंद गिरी ने खुलकर उसके समर्थन में बयान दिया।
नरसिंहानंद बोले- हमारे शेर, हमारे भाई…
डासना देवी मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में यति नरसिंहानंद ने कहा, “हमारे शेर, हमारे भाई सलीम वास्तिक आज महादेव और मां जगदंबा के चरणों में हैं। वह मौत और तमाम षड्यंत्रों को हराकर वापस आए हैं। अब वह मानवता के लिए लड़ने को तैयार हैं। दुनिया में कोई भी उनका साथ छोड़ दे, लेकिन शिवशक्ति धाम डासना और महादेव के भक्त उनका साथ नहीं छोड़ेंगे।”
सलीम वास्तिक का वायरल हुआ था वीडियो
उन्होंने आगे कहा कि हिंदुओं को एक-दूसरे का साथ देना सीखना चाहिए। साथ ही उन लोगों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने कठिन समय में सलीम का समर्थन किया। दरअसल, एक दिन पहले ही सलीम वास्तिक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह कथित तौर पर कहता दिखाई दे रहा है, “हां भाई जिहादियों, तिहाड़ जेल से बाहर आ गया हूं। तैयार हो जाओ, अब तुम्हारी कमर कसने का टाइम आ गया है।” हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता।
सलीम पर हो चुका है जानलेवा हमला
सलीम वास्तिक लोनी क्षेत्र में धार्मिक सुधारों और सामाजिक मुद्दों पर वीडियो बनाने के कारण पिछले कुछ समय से चर्चा में रहा है। इसी साल 27 फरवरी को उस पर जानलेवा हमला हुआ था। इस मामले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों की मौत हो गई थी। घटना ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं।
हत्या के केस में हुई थी आजीवन जेल
इसके बाद 24 अप्रैल को दिल्ली पुलिस की विशेष टीम ने सलीम को उसके घर से गिरफ्तार किया था। पुलिस के मुताबिक, सलीम को वर्ष 1995 में गोकुलपुरी इलाके में एक किशोर के अपहरण और हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। वर्ष 2000 में पैरोल पर बाहर आने के बाद वह कथित तौर पर नाम और ठिकाना बदलकर रह रहा था तथा लंबे समय तक पुलिस से बचता रहा।
सलीम वास्तिक ने क्या कहा था
वायरल वीडियो में सलीम खुद को मुसलमानों को शिक्षा और तरक्की की राह पर ले जाने की बात कहते हुए भी दिखाई देता है। वीडियो में वह छड़ी के सहारे नजर आता है। बताया जा रहा है कि फरवरी में हुए हमले में उसे गंभीर चोटें आई थीं। फिलहाल उसकी जमानत और कानूनी स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में विस्तृत जानकारी दिल्ली पुलिस ही दे सकती है।