नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ई-बस सेवा शुरू: एयरपोर्ट तक आसान होगा सफर

नोएडा, ग्रेनो और यमुना क्षेत्र में 33 ई-बस और 3 हाइड्रोजन बसों का संचालन शुरू। 17 रूटों पर दौड़ेगी बसें, किराया 20 से 50 रुपये। पढ़ें पूरी जानकारी और रूट मैप।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र में शुक्रवार से 33 इलेक्ट्रिक और तीन हाइड्रोजन बसों का संचालन शुरू हो गया। गौतमबुद्ध नगर जिले में पहली बार एक साथ 17 रूट पर यह सुविधा शुरू की गई है। नोएडा के सेक्टर-33ए स्थित शिल्प हॉट में आयोजित कार्यक्रम में लोकसभा सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर और प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पहला दिन होने के कारण बसों का संचालन ठीक तरीके से नहीं हो सका। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार से निर्धारित रूट और समय पर बसों का संचालन सामान्य तरीके से शुरू हो जाएगा। लोगों की सुविधा के लिए कुछ महीनों में मोबाइल ऐप भी लॉन्च किया जाएगा। नोएडा में चार, ग्रेटर नोएडा में चार और यीडा क्षेत्र में नौ रूट पर बसें चलेंगी।

वहीं, यमुना क्षेत्र में सेक्टर-28 के मेडिकल डिवाइस पार्क में आयोजित कार्यक्रम में विधायक धीरेंद्र सिंह और ग्रेटर नोएडा में प्राधिकरण दफ्तर में दादरी विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रीचंद शर्मा और सीईओ रवि कुमार एनजी ने बसों को हरी झंडी दिखाई। ग्रेटर नोएडा की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि 15 जून से नोएडा एयरपोर्ट के लिए प्रत्येक घंटे बस सेवा उपलब्ध रहेगी।

न्यूनतम 20 और अधिकतम 50 रुपये किराया

एसी बसों का किराया 20, 30 और अधिकतम 50 रुपये तय किया गया है। बसें सुबह करीब साढ़े 5 से रात 10 बजे तक चलेंगी। यूपीएसआरटीसी के माध्यम से 41 और 65 सीटर बसों का संचालन किया जाएगा। इन बसों में मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, सीसीटीवी कैमरे और रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग की डिजिटल सुविधा है। बसें चलने से नोएडा एयरपोर्ट तक आना-जाना आसान हो जाएगा। छात्रों को भी लाभ होगा।

ग्रेटर नोएडा में सर्वेक्षण होगा

ग्रेटर नोएडा में पूर्व के अनुभवों से सबक सीखते हुए इस बार अधिक सवारी वाले मार्गों का सर्वेक्षण किया जाएगा। इसमें विशेषज्ञों की भी मदद ली जाएगी। तीन से चार महीने तक नियमित रूप से निगरानी करने के साथ यह पता लगाया जाएगा कि अधिक सवारियां कहां से मिलेंगी। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि अर्बन सर्विसेज विभाग की टीम सर्वेक्षण करेगी। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र की आबादी करीब 12 लाख हो गई है।

जिस डबल डेकर बस से शुरुआत वह खराब हुई

सेक्टर-33ए शिल्प हॉट से सांसद और अधिकारियों ने डबल डेकर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस में अतिथियों ने बैठकर भी देखा। हरी झंडी दिखने के बाद चंद मीटर चलते ही यह बस खराब हो गई। बस का पीछे वाला दरवाजा खुलना-बंद हो गया। कुछ देर बार बस ठीक होकर रवाना हुई। विधायक धीरेंद्र सिंह भी किसानों के साथ एयरपोर्ट गए।

नोएडा से इन चार रूट पर संचालन होगा

1. सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन से ग्रेटर नोएडा वेस्ट, गौर चौक, एक मूर्ति तक

2. सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन से जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट तक

3. सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन से फेज-2 नोएडा, सूजरपुर कलेक्ट्रेट ग्रेटर नोएडा तक

4. सेक्टर-38ए बॉटेनिकल गार्डन से नया बस अड्डा गाजियाबाद तक

चार्जिंग में दिक्कत नहीं आएगी

ई-बसों के खड़े होने के लिए नोएडा में सेक्टर-90 में डिपो बनाया गया है। यहां अभी पांच चार्जिंग स्टेशन हैं। आने वाले समय में संख्या बढ़ाकर 20 की जाएगी। मोरना डिपो में भी बसें चार्ज होंगी। वहीं, ग्रेटर नोएडा में 13 चार्जिंग स्टेशन लगाए जाएंगे। सीईओ रवि कुमार एनजी ने बताया कि सेक्टर अल्फा-टू, राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) के पास समेत अन्य स्थान चिन्हित किए गए हैं। निर्माण, संचालन के लिए रुचि की अभिव्यक्ति जारी कर कंपनियों से 24 जून तक प्रस्ताव मांगे गए हैं।

नोएडा में छह वर्ष बाद फिर सेवा की शुरुआत

छह साल पहले तक नोएडा में सिटी बसें चलती थीं। मार्च 2020 तक 50 एसी बसें नोएडा के आंतरिक हिस्सों के अलावा ग्रेनो तक चलती थीं। घाटा अधिक होने और कोविड आने पर बसों का संचालन बंद कर दिया गया। वहीं, ग्रेटर नोएडा में आखिरी बार वर्ष 2022 में सिटी बस शुरू की गई थी, लेकिन पर्याप्त संख्या में सवारी न मिलने पर कुछ माह बाद संचालन बंद करना पड़ा।

यमुना सिटी में पहली बार हाइड्रोजन बसें चलीं

नोएडा एयरपोर्ट तक सफर आसान बनाने के लिए यमुना सिटी में तीन हाइड्रोजन और 11 इलेक्ट्रिक समेत 14 सिटी बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पहली बार यमुना सिटी में हाइड्रोजन बसें संचालित की गई हैं। आगे दो हाइड्रोजन बसें भविष्य में और चलाने की तैयारी है। 42 सीटों की क्षमता वाली एवं 12 मीटर लंबी प्रत्येक बस में एक बार में 56 किलोग्राम हाइड्रोजन भरा जा सकेगा।

कृष्णा करुणेश, सीईओ, नोएडा, ”15 जून से नोएडा से 50 और ग्रेनो और यमुना से 25-25 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। शुक्रवार से निर्धारित रूट पर लोगों को बसें मिलनी शुरू हो जाएंगी। हर 15-20 मिनट में बसें उपलब्ध रहेंगी।”

आरके सिंह, सीईओ यीडा, ”शहर में कुल 14 बसों का संचालन किया गया है। यह बसें नौ रूटों पर चलेंगी। भविष्य में ई-बसों की संख्या बढ़कर 25 और हाइड्रोजन बसों की पांच हो जाएगी। इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इनसे एयरपोर्ट पहुंचना आसान होगा।”

रवि कुमार एनजी, सीईओ, ग्रेटर नोएडा, ”सिटी बस का सर्वेक्षण कर ऐसे स्थान चिह्नित किए जाएंगे, जहां से अधिक सवारियां मिलेंगी। अर्बन सर्विसेज विभाग को दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बसें चलने से ई-रिक्शा चालकों को परेशानी न हो, इसके लिए जगह चिह्नित किए जाएंगे।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.