ग्रेटर नोएडा: छात्रावास की इमारत से कूदकर 19 वर्षीय युवती ने दी जान
ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क में 19 वर्षीय युवती ने हॉस्टल से कूदकर आत्महत्या की। पति के साथ विवाद की आशंका। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में स्थित एक बालिका छात्रावास में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक 19 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर छात्रावास की इमारत से कूदकर अपनी जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया शव
पुलिस ने शव को अपने अधीन लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कर ली है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।
शादीशुदा थी युवती
मृतका का नाम पारुल है। वह मेरठ के बाफर गांव में अपने पति सौरभ चौधरी के साथ रहती थी। प्राथमिक जांच में जानकारी प्राप्त हुई कि प्रथम दृष्टया मामला पति-पत्नी के बीच चल रहे पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। इसी कारण महिला के आत्मघाती कदम उठाए जाने की आशंका जतायी जा रही है।
मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गये
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गये हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जरूरी कानूनी कार्रवाई जारी है।
6 जून को युवक ने की थी आत्महत्या
ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र में 6 जून को 21 वर्षीय युवक ने एक इमारत की पांचवीं मंजिल से कथित तौर पर कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस के मुताबिक, मृतक सागर यादव मानसिक रूप से अस्थिर था और मां से झगड़े के बाद उनपर चाकू से हमला करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक, युवक मां-पिता और छोटे भाई के साथ रहता था। पुलिस के मुताबिक, परिवार ने भी कहा का कि सागर यादव मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं था और आत्मघाती हमले से पहले उसका परिवार से झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसने बिल्डिग की पांचवी मंजिल से छलांग लगा ली।