नोएडा एयरपोर्ट से अब ताजमहल और मथुरा का सफर हुआ आसान, बचाएगा 2 घंटे
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) से ताजमहल और मथुरा पहुंचना हुआ बेहद आसान। दिल्ली एयरपोर्ट की तुलना में यात्रियों के बचेंगे 2 घंटे।
उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ानें सोमवार (15 जून) से शुरू हो चुकी हैं। लखनऊ के लिए पहली फ्लाइट में उन किसानों ने सफर किया जिन्होंने एयरपोर्ट के लिए अपनी जमीन दी। नोएडा में एयरपोर्ट शुरू होने से माना जा रहा है कि दिल्ली के पालम में स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्रियों का दबाव कम हो सकता है।
नोएडा एयपोर्ट से फ्लाइट सर्विस शुरू होने से ताज महल के दीदार और मथुरा जाने की चाह रखने वालों का भी समय बचेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि नोएडा एयपोर्ट से आगरा स्थित ताजमहल की दूरी लगभग 139 किलोमीटर है। खास बात यह है कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की युमना एक्सप्रेसवे से सीधी कनेक्टिविटी है। वहीं भगवान श्री कृष्ण के भक्त लगभग 90 मिनट में एयरपोर्ट से मथुरा पहुंच सकेंगे जबकि दिल्ली एयरपोर्ट से निकलने के बाद मिलने वाले ट्रैफिक जाम और दूरी के वजह से ऐसा संभव नहीं हो पाता।
4 घंटे से ज्यादा का समय
दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयपोर्ट से ताज महल पहुंचने में 4 घंटे से ज्यादा का समय लग जाता है। यानी अब हवाई सफर के जरिए ताज महल देखने आने वाले घरेलू और इंटरनेशनल यात्री दिल्ली एयरपोर्ट की बजाय नोएडा एयरपोर्ट पर उतर सकेंगे जिससे उन्हें सफर में आसानी होगी और लगभग दो घंटे की बचत होगी। हालांकि फिलाहल नोएडा एयरपोर्ट को इंटरनेशल यात्री उड़ानों के लिए मंजूरी नहीं मिली है, इसलिए सभी घरेलू उड़ानें ही होंगी।
इंटरनेशनल उड़ानें भी जल्द शुरू
एयरपोर्ट की सीईओ नीतू समरा ने हाल में हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में बताया था कि इस साल के अंत तक इंटरनेशनल उड़ानें भी शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि ‘इस साल के आखिर तक इंटरनेशनल उड़ानें शुरू किए जाने की उम्मीद है। फिलहाल 15 जून से हम कुछ शहरों के लिए रोजाना लगभग 6 उड़ानों से शुरुआत कर रहे हैं जिसे जुलाई में बढ़ाकर 20 शहरों से जोड़ा जाएगा।’
ग्रेटर नोएडा और नोएडा से कनेक्टिविटी
एयरपोर्ट की लोकेशन बहुत अच्छी जगह पर है ग्रेटर नोएडा एयरपोर्ट पहुंचने में लगभग 25 मिनट तो नोएडा से लगभग 45 मिनट का समय लगता है। इसके अलावा एनसीआर के अन्य इलाकों जैसे गुरुग्राम, फरीदाबाद और दूसरे शहरों से भी एयरपोर्ट की अच्छी कनेक्टिविटी है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भरता होगी कम
अबतक नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोगों को हवाई सफर के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर निर्भर रहना पड़ रहा था मगर अब उनके पास नोएडा में एयरपोर्ट का दूसर विकल्प मौजूद हैं। वे अपनी सहुलियत के हिसाब से नोएडा या फिर दिल्ली एयरपोर्ट चुन सकते हैं। इस एयरपोर्ट से सबसे ज्यादा सहुलियत वेस्टर्न यूपी, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड के यात्रियों को पहुंचेगा। आपको बता दें कि एयरपोर्ट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी साल 28 मार्च को किया था।