भिवानी: न्यूनतम वेतन की मांग को लेकर टेक्सटाइल मजदूरों का प्रदर्शन

भिवानी टेक्सटाइल लिमिटेड के ठेका मजदूरों ने न्यूनतम वेतन न मिलने पर प्रदर्शन किया। सरकार से वेतन विसंगति दूर करने और नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की।

भिवानी: सोमवार को भिवानी में कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया. टेक्सटाइल लिमिटेड कंपनी में कार्यरत ठेका मजदूरों ने मांगों को लेकर नारेबाजी की. उन्होंने लघु सचिवालय पहुंचकर जिला प्रशासन के माध्यम से सरकार के नाम मांगपत्र भेजा. कर्मचारी कानून और नियम के मुताबिक न्यूनतम वेतन भुगतान की मांग कर रहे हैं.

भिवानी में कर्मचारियों का प्रदर्शन: कर्मचारियों ने कहा कि हरियाणा सरकार ने सभी श्रमिकों के लिए न्यूनतम वेतन लागू करने की अधिसूचना 9 अप्रैल को जारी की थी. भिवानी टेक्सटाइल लिमिटेड कंपनी के ठेका मजदूरों को ठेकेदारों ने अप्रैल माह में 15220 रुपये न्यूनतम वेतन दिया था. मगर मई महीने का वेतन 11275 रुपये यानी पुराने वेतन का ही भुगतान किया गया. जो मजदूरों के साथ अन्याय है.

आंदोलन को तेज करने की चेतावनी: ठेका मजदूरों ने कहा कि मजबूर होकर मजदूरों ने हड़ताल का रास्ता अपनाया है. अगर सरकार और प्रशासन ने अब भी हमारी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया, तो आंदोलन और ज्यादा तेज होगा.

इन मांगों को लेकर प्रदर्शन: कर्मचारियों के मुताबिक ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि भिवानी टेक्सटाइल (जीबीटीएल) में कार्यरत ठेका मजदूरों को न्यूनतम वेतन (श्रेणी अनुसार) दिलवाया जाए, नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र जारी हो, ओवरटाइम व छुट्टी के दिन कार्य करने पर कानून अनुसार डबल वेतन दिलवाया जाए, वेज स्लिप दिलवाई जाए, साप्ताहिक अवकाश मिले, राज्य सरकार द्वारा श्रमिकों को मिलने वाले घोषित अवकाश सभी ठेका श्रमिकों को मिले.

Leave A Reply

Your email address will not be published.