बवानीखेड़ा: पुरानी ईंटों से गली निर्माण का विरोध, ग्रामीणों ने रुकवाया काम

बवानीखेड़ा के गांव बोहल में पुरानी ईंटों से गली बनाने पर ग्रामीणों ने जताया विरोध। जलभराव और गंदगी से परेशान ग्रामीणों ने नई ईंटों से निर्माण की मांग की।

बवानीखेड़ा। गांव बोहल में पुरानी ईंटों से गली निर्माण किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और नई ईंटों से ही गली का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब एक माह से गली निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है जिससे सीवरेज के दूषित पानी का जलभराव हो रहा है और लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की अन्य गलियों का निर्माण नई ईंटों से कराया गया है जबकि उनकी गली में पुरानी ईंटों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी के विरोध में उन्होंने निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों के अनुसार करीब 100 फीट लंबी इस गली का निर्माण कार्य बीच में ही बंद पड़ा हुआ है। अधूरी गली के कारण आसपास सीवरेज का दूषित पानी जमा हो रहा है जिससे क्षेत्र में गंदगी फैल रही है।

ग्रामीण सुमेश, रोशनी, सन्तरा, केला, सुनीता, दीपक, निशा और रौनक ने बताया कि उन्होंने कई बार सरपंच और संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य पूरा करवाने की मांग की है लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। उनका कहना है कि जब पूरे गांव में नई ईंटों से गलियों का निर्माण किया गया है तो उनकी गली में भी नई ईंटों का ही उपयोग किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि गली का निर्माण नई ईंटों से नहीं कराया गया तो वे पुरानी ईंटों से होने वाले निर्माण कार्य को पूरा नहीं होने देंगे। उनका कहना है कि अधूरी गली के कारण जलभराव और गंदगी की समस्या लगातार बनी हुई है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.