लोनी: सड़क हादसे में महिला की मौत, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ केस
लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में 5 महीने पहले हुई महिला की मौत के मामले में पुलिस की लापरवाही के बाद अब कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज।
लोनी बॉर्डर थानाक्षेत्र में साढ़े पांच माह पहले सड़क हादसे में हुई महिला की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर रविवार को मामला दर्ज किया गया है। दिल्ली के करावलनगर निवासी अनुज कुमार ने बताया कि सात जनवरी की सुबह मां कुसुम भारती बलराम नगर से पैदल इंद्रापुरी कॉलोनी जा रही थीं। कच्चे रोड पर तेज रफ्तार आए ऑटो गलत दिशा से आया और मां को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल कुसुम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोप है कि तभी से वह बार-बार थाने व पुलिस कार्यालयों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
उन्होंने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी दी, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस कारण उन्हें कोर्ट में गुहार लगानी पड़ी। सहायक पुलिस आयुक्त अंकुर विहार अमरदीप मौर्या ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।