भिवानी: मिड-डे-मील वर्कर्स का प्रदर्शन, 10 सूत्रीय मांगों के लिए भरी हुंकार

भिवानी में मिड-डे-मील कार्यकर्ताओं ने वेतन वृद्धि और नियमितीकरण के लिए विशाल प्रदर्शन किया। सरकार को चेतावनी, 25 अक्टूबर को रोहतक में होगी महापंचायत।

भिवानी। अपनी 10 सूत्री मांगों को लेकर मिड-डे-मील कार्यकर्ता बुधवार को सड़कों पर उतर आईं। कार्यकर्ताओं ने नेहरू पार्क से जिला उपायुक्त कार्यालय तक रोष मार्च निकालकर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान आयोजित सभा में वक्ताओं ने सरकार से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।

यूनियन की राज्य प्रधान राजबाला की अध्यक्षता में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए श्रमिक नेताओं और यूनियन पदाधिकारियों ने सरकार की नीतियों पर नाराजगी जताई। महासचिव कुसुम पांचाल ने कहा कि मिड-डे-मील कार्यकर्ता स्कूल खुलने से लेकर बंद होने तक लगातार करीब आठ घंटे कार्य करती हैं लेकिन उन्हें मात्र 7000 रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के इस दौर में इतना मानदेय बेहद कम है।
अन्य सरकारी कर्मचारियों को 12 महीने का वेतन मिलता है जबकि मिड-डे-मील कार्यकर्ताओं का ग्रीष्मकालीन अवकाश का वेतन काटकर केवल 10 महीने का मानदेय दिया जाता है। यह उनके साथ अन्याय और भेदभाव है। श्रमिक नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। इसी कड़ी में 25 अक्तूबर को रोहतक में राज्यस्तरीय महापंचायत आयोजित करने का निर्णय लिया गया है जिसमें प्रदेशभर से हजारों मिड-डे-मील कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई। इस अवसर पर ईश्वर सिंह राठी, मास्टर सूबे सिंह, राजकुमार बासिया, पूनम, रेखा, कौशल्या, मुनेश और बिमला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
Leave A Reply

Your email address will not be published.