भिवानी: 4 महीने से वेतन नहीं मिलने पर स्वास्थ्य कर्मचारियों की हड़ताल
भिवानी के नागरिक अस्पताल में 234 एचकेआरएन कर्मचारियों ने 4 महीने से वेतन न मिलने पर सांकेतिक हड़ताल की। जल्द भुगतान न होने पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी।
भिवानी। हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत कर्मचारियों ने चार माह से वेतन नहीं मिलने के विरोध में बुधवार को दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल की। जिला भिवानी के नागरिक अस्पताल और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत 234 कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को ज्ञापन सौंपा तथा बकाया मानदेय जल्द जारी करने की मांग की।
यूनियन के जिला प्रधान दीपक तंवर ने बताया कि ज्ञापन सौंपने के दौरान सीएमओ ने कर्मचारियों को अपनी फैमिली आईडी दोबारा अपडेट कराने के लिए कहा। उनका कहना है कि कर्मचारी पहले भी कई बार फैमिली आईडी अपडेट कर विभाग में जमा करा चुके हैं लेकिन हर बार तकनीकी कारणों का हवाला देकर वेतन जारी नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी सीएमओ के निर्देश का सम्मान करते हुए एक बार फिर फैमिली आईडी अपडेट कराएंगे लेकिन यह अंतिम प्रयास होगा। यदि इसके बाद भी बकाया मानदेय जारी नहीं हुआ तो कर्मचारी दो घंटे की सांकेतिक हड़ताल के बजाय अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी अस्पताल प्रबंधन, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की होगी।