PM मोदी का जींद दौरा: 17 जुलाई को देश को मिलेगी पहली हाइड्रोजन ट्रेन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद में देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। मेडिकल कॉलेज और रेलवे स्टेशन के विकास कार्यों का भी होगा लोकार्पण।
जींद: हरियाणा के जींद में 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा तय हो गया है. इस दौरान प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद से हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इसके साथ ही जींद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य और मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण करेंगे. प्रधानमंत्री एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे. उनके दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं.
आज CM सैनी करेंगे तैयारियों की समीक्षा: प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जींद पहुंचेंगे. मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा बैठक करेंगे. बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता भी मौजूद रहेंगी. प्रशासन को सभी विभागों की तैयारियों का विस्तृत खाका प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं.
पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई समीक्षा बैठक: दरअसल, पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में रविवार देर शाम हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में उपायुक्त डॉ. विशाली शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप कुमार, सभी एसडीएम, नगर निगम और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे. बैठक में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से जुड़ी विभागवार जिम्मेदारियों की समीक्षा की गई और समयबद्ध तरीके से सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए गए.
“यह पूरे जिले के लिए गौरव का विषय”: डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने अधिकारियों से कहा कि, “17 जुलाई को प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा पूरे जिले के लिए गौरव का विषय है. सभी विभाग अपनी जिम्मेदारी पूरी गंभीरता से निभाएं और तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहने दें. प्रत्येक अधिकारी यह सोचकर कार्य करे कि उसका विभाग इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी सर्वोत्तम भूमिका निभाए. जिस विभाग को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, वह उसे पूरी जवाबदेही के साथ निभाए. किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी.”
सुरक्षा से लेकर यातायात तक हर व्यवस्था पर जोर: बैठक में कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग, वीआईपी मूवमेंट, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई, सार्वजनिक शौचालय, चिकित्सा सुविधाएं, अग्निशमन और आपातकालीन सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई. अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी व्यवस्थाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं ताकि प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो.
बारिश को देखते हुए जलभराव रोकने के निर्देश: डॉ. मिड्डा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल, मुख्य मार्गों, हेलीपैड और पार्किंग स्थलों की विशेष सफाई कराई जाए. उन्होंने कहा कि, “नालों और सीवरों की सफाई समय पर पूरी की जाए ताकि बारिश की स्थिति में कहीं भी जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो. प्रशासन को मानसून के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए.”
सड़क और बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश: लोक निर्माण विभाग को प्रधानमंत्री के संभावित रूट पर आने वाली सभी सड़कों की तत्काल मरम्मत करने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों से कहा गया कि कहीं भी गड्ढे, टूटी सड़क, क्षतिग्रस्त डिवाइडर या रेलिंग नहीं रहनी चाहिए. वहीं, बिजली विभाग को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम स्थल, वीआईपी रूट और शहर के प्रमुख स्थानों पर सभी स्ट्रीट लाइटें पूरी तरह कार्यशील रहें. नीचे लटक रहे बिजली के तारों और अन्य तकनीकी खामियों को भी तुरंत दूर करने को कहा गया.
हर विभाग को रोजाना समीक्षा के निर्देश: डॉ. मिड्डा ने कहा कि, “सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर प्रतिदिन कार्यों की समीक्षा करें. यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो उसे तत्काल प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए. अंतिम समय तक किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए.पार्किंग, भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत योजना पहले से तैयार रखी जाए ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.”
साइट निरीक्षण कर परखी तैयारियां: समीक्षा बैठक के बाद डॉ. कृष्ण लाल मिड्डा ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रस्तावित हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, पार्किंग स्थल, वीआईपी रूट और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तय समय के भीतर सभी तैयारियां पूरी करें.