हांसी: सीवर जाम से परेशान व्यापारियों का प्रदर्शन, प्रशासन को दी चेतावनी

हांसी कोर्ट के सामने सीवर ब्लॉक की समस्या से व्यापारी परेशान। गंदा पानी जमा होने से व्यापार प्रभावित, प्रदर्शन के बाद एडीसी ने दिया समाधान का आश्वासन।

हांसी: हांसी शहर में कोर्ट परिसर के सामने हाईवे रोड पर लंबे समय से बनी सीवर ब्लॉक की समस्या को लेकर सोमवार को दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा. बड़ी संख्या में व्यापारी सड़क पर एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए सीवर व्यवस्था को जल्द दुरुस्त करने की मांग की. प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने कहा कि सड़क और दुकानों के सामने गंदा पानी जमा रहने से न केवल लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है, बल्कि व्यापार भी बुरी तरह प्रभावित हो रहा है.

दुकानदार बोले-“ग्राहकी लगातार हो रही प्रभावित”: प्रदर्शन कर रहे दुकानदार कृष्ण ने कहा कि, “सीवर जाम होने के कारण गंदा पानी लगातार सड़क और दुकानों के सामने जमा रहता है. इससे ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी होती है और हमारे व्यापार पर भी बुरा असर पड़ रहा है. कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं हुआ, जिससे ग्राहकी लगातार कम होती जा रही है. बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है.”

मार्केट प्रधान ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी: वहीं, मार्केट प्रधान जॉनी कुमार ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि, “यदि जल्द सीवर ब्लॉक की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो दुकानदार अपना आंदोलन और तेज करेंगे. बरसात के मौसम में हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भी भारी दिक्कत का सामना करना पड़ता है. समस्या का स्थायी समाधान होना जरूरी है ताकि बाजार की सामान्य गतिविधियां प्रभावित न हों.

एडीसी ने दिया जल्द समाधान का भरोसा: प्रदर्शन की सूचना मिलने पर हांसी के एडीसी लक्षित सरीन मौके पर पहुंचे. उन्होंने दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और उनकी समस्याएं सुनीं. इस दौरान एडीसी लक्षित सरीन ने कहा कि, “कोर्ट परिसर के सामने हाईवे रोड पर सीवर ब्लॉक की समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा. संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके.”

बता दें कि प्रशासन के आश्वासन के बाद दुकानदारों ने फिलहाल प्रदर्शन समाप्त कर दिया, लेकिन जल्द कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दोहराई.

Leave A Reply

Your email address will not be published.