बहल-राजगढ़ रोड: स्टेट हाईवे बना दलदल, भारी वाहनों का निकलना हुआ दूभर

बहल से राजगढ़ रोड पर पिलानी बाईपास के पास सड़क दलदल में तब्दील। भारी वाहन फंसने से यातायात बाधित। स्टेट हाईवे की दुर्दशा पर प्रशासन से सुधार की मांग।

बहल। बहल से राजगढ़ रोड पर पिलानी बाईपास के समीप सड़क टूटने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। सड़क का यह हिस्सा दलदल में बदल गया है जिससे वाहन धंस रहे हैं। खासकर दिल्ली से बीकानेर जाने वाले भारी वाहन चालक इस अव्यवस्था से परेशान हैं। दो प्रदेशों को जोड़ने वाली राह अब खुद सहारे की मोहताज हो गई है।

यह मार्ग पिछले करीब दो महीने से जर्जर हालत में है। बारिश शुरू होने के बाद से गड्ढे और गहरे हो गए हैं। गड्ढों में पानी और मिट्टी जमा होने से सड़क दलदल में बदल गई है। भारी वाहन इसमें धंस जाते हैं जिन्हें कई बार जेसीबी की मदद से निकालना पड़ता है। इस क्षेत्र के लोग भी परेशान हैं क्योंकि राजगढ़ रोड पर बिल्डिंग मेटेरियल की दुकानें हैं और रेती-रोड़ी से भरे वाहन गुजरते हैं।

स्टेट हाईवे का हिस्सा है यह मार्ग
सरकारी दस्तावेज में यह मार्ग असंध सुधीवास स्टेट हाईवे का हिस्सा है। इसकी हालत लिंक रोड से भी बदतर है। बहल से करीब तीन किलोमीटर दूर सुधीवास गांव के बाद राजस्थान की सीमा शुरू हो जाती है। यह मार्ग दोनों प्रदेशों को जोड़ने का मुख्य मार्ग है। बीकानेर से मूंगफली और क्लींकर सहित अन्य सामान से भरे भारी वाहन दिन भर इस मार्ग से गुजरते हैं। इसके बावजूद लोक निर्माण विभाग इसकी हालत सुधारने को लेकर गंभीर नहीं है।

सोशल मीडिया पर भी हो रही आलोचना
शुक्रवार को जब इस मार्ग पर एक भारी वाहन दलदल में धंस गया और उसे निकालने के लिए जेसीबी मंगवानी पड़ी तो उसकी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। लोगों ने इस अव्यवस्था के लिए सरकारी तंत्र को कोसा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के खिलाफ भी नाराजगी व्यक्त की। लोगों ने कहा कि कई बार इस मार्ग को सुधारने की फरियाद की गई है लेकिन जनसमस्या का समाधान नहीं हुआ। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग को तुरंत सुधारने की मांग की है।

बहल से राजगढ़ रोड को सुधारने के लिए उसमें पत्थर डाले गए हैं। वाहनों की लगातार आवाजाही के कारण पत्थर सेट नहीं हो पा रहे हैं। एक या दो दिन में पत्थर सेट होने के बाद इस पर दूसरी सामग्री डाली जाएगी। इसे जल्दी ही सुधारा जाएगा।
Leave A Reply

Your email address will not be published.