नूंह सड़क हादसा: KMP एक्सप्रेसवे पर दूसरे पुलिस जवान की भी मौत

नूंह के KMP एक्सप्रेसवे पर गोवंश तस्करों के वाहन के पास खड़े पुलिसकर्मियों को ट्रक ने मारी टक्कर। हादसे में दो पुलिस जवानों की मौत, पुलिस जांच में जुटी।

नूंह: जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में घायल दूसरे पुलिस जवान की भी उपचार के दौरान मौत हो गई. दरअसल, गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती ईएसआई मुकेश ने करीब 24 घंटे तक जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया. इससे पहले इसी हादसे में पुलिस जवान गिरीश की मौके पर ही मौत हो गई थी. दो पुलिसकर्मियों की मौत से पुलिस महकमे और दोनों परिवारों में शोक की लहर है.

गोवंश से भरे वाहन के पास हुआ हादसा: पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह थाना मोहम्मदपुर अहिर क्षेत्र के गांव गोयला के पास सीआईए तावडू की टीम ने गोवंश से भरे एक वाहन को पकड़ा था. वाहन का टायर पंचर होने के कारण उसे सड़क किनारे खड़ा किया गया था. वाहन की निगरानी कर रहे पुलिसकर्मी वहीं मौजूद थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर खड़े वाहन से जा टकराया. टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस जवान गिरीश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ईएसआई मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए.

दो मामले दर्ज, जांच जारी: इसके बाद घायल मुकेश को तुरंत गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी. हादसे के बाद मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं. पुलिस ने हादसे में शामिल दो वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मामले की सभी पहलुओं से पड़ताल की जा रही है.

जांच में जुटी पुलिस: मामले में नूंह के डीएसपी पृथ्वी सिंह ने बताया कि, “जिस वाहन को पकड़ा गया था उसमें 15 गोवंश भरे हुए थे. मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लिया है. घटना के संबंध में दो अलग-अलग मामले दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.” वहीं तावडू के डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने कहा कि, “घायल पुलिस जवान मुकेश का चिकित्सकों ने भरसक उपचार किया, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल थे. शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई.”

Leave A Reply

Your email address will not be published.