कुरुक्षेत्र: पुजारी पर हमला करने वाला आरोपी पुलिस हिरासत से भागा, पैर टूटा

अढ़ोनी गांव में पुजारी पर हमला करने वाले मुख्य आरोपी पंकज ने हिरासत से भागने की कोशिश की। पुल से कूदने के कारण दोनों पैर टूटे, अस्पताल में भर्ती। पढ़ें पूरी खबर।

कुरुक्षेत्र: अढ़ोनी गांव में 74 वर्षीय पुजारी योगीराज गिरी पर जानलेवा हमला करने और उन्हें घसीटने के मामले में एक नया मोड़ आ गया है. मामले के मुख्य आरोपी पंकज ने पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया, लेकिन वह इसमें नाकाम रहा. भागने के चक्कर में आरोपी नहर के पुल से नीचे कूद गया, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए. पुलिस ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है.

सीसीटीवी फुटेज से हुआ था मामले का खुलासा: ​अढ़ोनी गांव में कुछ दिनों पहले 74 वर्षीय पुजारी योगीराज गिरी पर बेरहमी से हमला किया गया था. हमलावरों ने ना केवल बुजुर्ग पुजारी की टांग तोड़ दी, बल्कि उन्हें बेरहमी से घसीटा भी था. यह पूरी वारदात वहां लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई थी. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत हरकत में आई और मुख्य आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार आरोपी पंकज अढ़ोनी गांव में स्थित नकोदर दरगाह का मुख्य सेवादार है.

भागने की रची साजिश​: थाना सदर प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि मुकदमा नंबर 290 के तहत मुख्य आरोपी पंकज को अदालत में पेश कर 13 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया था. ​रिमांड के दौरान पूछताछ में इस मामले में एक अन्य आरोपी इंद्र का नाम भी सामने आया था. शनिवार को पुलिस टीम पंकज को साथ लेकर आरोपी इंद्र के संभावित ठिकानों सांवला और गोविंदपुरा गांव में छापेमारी करने गई थी. तलाश करने के बाद जब पुलिस टीम आरोपी पंकज को वापस लेकर लौट रही थी, तभी उसने भागने का प्लान बनाया.​

पुल से कूदा आरोपी: ​SHO रणधीर सिंह ने बताया वापसी के रास्ते में सांवला गांव के पुल के पास आरोपी पंकज ने पुलिसकर्मियों से पेशाब करने की बात कही. पुलिस टीम ने गाड़ी रोककर जैसे ही उसे नीचे उतारा, पंकज ने अचानक फुर्ती दिखाते हुए पुलिसकर्मियों का हाथ छुड़ा लिया. इससे पहले कि पुलिस उसे पकड़ पाती, वह सीधे सांवला नहर के पुल से नीचे कूद गया.​

एक आरोपी अस्पताल में भर्ती, दूसरे आरोपी की तलाश जारी​: पुल से नीचे गिरने के कारण आरोपी पंकज के दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया और वह मौके पर ही कराहने लगा. पुलिसकर्मियों ने तुरंत उसे हिरासत में लिया और इलाज के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है. ​पुलिस का कहना है कि आरोपी को अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच रखा गया है और ठीक होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, मामले के दूसरे फरार आरोपी इंद्र की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.