दिल्ली का मौसम: मानसून हुआ सुस्त, 39 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान

दिल्ली में मानसून के बादलों की कमी से बढ़ी उमस और गर्मी। अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक जाने का अनुमान। AQI भी हुआ खराब। पढ़ें आज के मौसम का पूरा हाल।

राजधानी दिल्ली में बारिश का दौर थमने के साथ ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होना शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले दो दिन में ही अधिकतम तापमान में छह डिग्री के लगभग की बढ़ोतरी हुई है। अनुमान है कि आगे चार डिग्री तक की और वृद्धि हो सकती है।

मौसम विभाग ने पूर्वानुमान जताया है कि आज यानी रविवार को दिल्ली के आसमान में हल्के बादलों का आना-जाना लगा रहेगा। लेकिन, ज्यादातर समय तेज धूप रहेगी। इससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। रविवार को अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। जबकि, न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

सामान्य से अधिक रहा तापमान

दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में शनिवार सुबह चटक धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ ही यह और तेज हो गई। बीच-बीच में हल्के बादलों की आवाजाही रही। दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में दिन का अधिकतम तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। जबकि, न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

फील लाइक टेंपरेचर भी बढ़ा

तापमान में बढ़ोतरी के चलते दिल्ली में महसूस होने वाली गर्मी (फील लाइक टेंपरेचर) भी बढ़ा है। शनिवार शाम साढ़े पांच बजे तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इस दौरान 11.1 किलोमीटर की गति से हवाएं चल रही थीं और फील लाइक टेंपरेचर 44.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

2 दिन बूंदाबांदी की संभावना

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार और बुधवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। गुरुवार और शुक्रवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। इन दोनों दिनों में अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच जबकि न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

बारिश वाले बादल गायब

आईएमडी की ओर से 11 जुलाई को जारी सैटेलाइट तस्वीरों में भारत का बड़ा हिस्सा बिना बारिश वाले बादलों के दिख रहा है। आईएमडी की जारी तस्वीरों में देश के 70% हिस्से पर मानसूनी बारिश के बादल दिख नहीं रहे हैं।

मध्यम कैटेगरी में पहुंचा AQI

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के डेटा के अनुसार, शनिवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गिरकर मध्यम कैटेगरी में आ गया। शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत AQI 140 दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को इसी समय यह 65 के साथ संतोषजनक कैटेगरी में था। सीपीसीबी के मानकों के अनुसार, 0-50 का AQI ‘अच्छा’, 51-100 ‘संतोषजनक’, 101-200 ‘मॉडरेट’ (मध्यम), 201-300 ‘खराब’, 301-400 ‘बहुत खराब’ और 401-500 ‘गंभीर’ माना जाता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.