आईएएस अधिकारियों की कमी से जूझ रहा हरियाणा, सोमवार को 2 और होंगे रिटायर
मुख्य सचिव की दौड़ के सबसे प्रबल दावेदार रहे सुधीर राजपाल को नहीं मिला सेवा विस्तार, केंद्र ने ठुकराया प्रस्ताव
जगत क्रान्ति न्यूज
Shortage of IAS Officers : हरियाणा की अफसरशाही इस समय सबसे बड़े संकट से गुजर रही है। आईएएस अधिकारियों की भारी कमी के बीच सोमवार को दो और वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रिटायर हो जाएंगे। इससे सरकार की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी।
वरिष्ठ आईएएस *सुधीर राजपाल 30 नवंबर को सेवानिवृत्त* हो जाएंगे। राज्य सरकार ने शुक्रवार को उनकी सेवानिवृत्ति के आदेश जारी कर दिए। उनके साथ ही आईएएस *डॉ. अभिलक्ष लिखी* भी सोमवार को रिटायर हो जाएंगे। वे इस समय केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन विभाग में तैनात थे।
केंद्र ने ठुकराया सेवा विस्तार का प्रस्ताव
राजपाल के सेवा विस्तार के लिए राज्य सरकार ने केंद्र सरकार को आवेदन भेजा था, लेकिन केंद्र ने उसे मंजूर नहीं किया।
केंद्र से सेवा विस्तार संबंधी पत्र नहीं आने पर शुक्रवार शाम मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और डिप्टी प्रिंसिपल सेक्रेटरी यशपाल यादव की अहम बैठक हुई। इस बैठक में सुधीर राजपाल भी मौजूद थे। बैठक खत्म होते ही राजपाल की सेवानिवृत्ति का पत्र जारी कर दिया गया।
मुख्य सचिव बनने से चूक गए थे राजपाल
सुधीर राजपाल किसी वक्त मुख्य सचिव की दौड़ में सबसे प्रबल दावेदार थे। वे आईएएस की वरिष्ठता सूची में सबसे वरिष्ठ हैं। इसके बावजूद हरियाणा सरकार ने उन्हें मुख्य सचिव नहीं बनाया था। अब सेवा विस्तार न मिलने के बाद उनकी विदाई तय हो गई है।
एके सिंह बन सकते हैं नए गृह सचिव
बताया जा रहा है कि उच्चतर शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग और वास्तुकला विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव *एके सिंह को नया गृह सचिव* बनाया जा सकता है। जल्द ही इस बारे में आदेश जारी हो सकते हैं।
226 में से रह जाएंगे सिर्फ 176 आईएएस
हरियाणा में आईएएस के कुल 226 पद हैं। इनमें से अभी 178 आईएएस ही कार्यरत हैं। सोमवार को दो और रिटायर होने के बाद यह संख्या घटकर 176 रह जाएगी। इनमें से करीब 10 आईएएस केंद्र में तैनात हैं। आने वाले दिनों में संकट और गहराने वाला है। अगले महीने मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और जनवरी में सुमिता मिश्रा रिटायर हो जाएंगी। सीएम के प्रधान सचिव का पद भी पिछले दो महीने से खाली पड़ा है।
केंद्र से 4 अफसरों को वापस बुलाने की गुहार
अधिकारियों की कमी से जूझ रही हरियाणा सरकार ने केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर तैनात चार वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को वापस बुलाने का अनुरोध किया हुआ है। इनमें *वी उमाशंकर, डॉ. राकेश गुप्ता, विकास गुप्ता और नितिन यादव* शामिल हैं। हालांकि केंद्र ने इस बारे में अभी कोई निर्णय नहीं लिया है।
सूत्रों के मुताबिक, हरियाणा की अफसरशाही में जल्द ही बड़े बदलाव की तैयारी है। कई विभागों के सचिव बदले जा सकते हैं और कई जिलों के डीसी भी इधर-उधर हो सकते हैं।
#Haryana #IAS #SudhirRajpal #AbhilakshLikhi #HaryanaGovernment #NayabSinghSaini #Chandigarh #Bureaucracy #HaryanaNews #BreakingNews