हरियाणा मानसून अपडेट: कहीं राहत तो कहीं आफत, जानें कब होगी भारी बारिश

हरियाणा में मानसून की रफ्तार धीमी, हालांकि हांसी सहित कुछ इलाकों में झमाझम बारिश से राहत मिली। आंधी से हुए नुकसान और किसानों की चिंता पर पढ़ें लेटेस्ट अपडेट।

हांसी: हरियाणा में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों तक प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है, जबकि करीब एक सप्ताह बाद मानसूनी सिस्टम दोबारा सक्रिय हो सकता है. सोमवार को हिसार, सिरसा, सोनीपत और फतेहाबाद सहित कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस से कुछ राहत मिली. हालांकि प्रदेश में फिलहाल भारी बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है.

पश्चिमी हरियाणा में बारिश की कमी से किसान परेशान: इस मानसून सीजन में हरियाणा में अब तक सामान्य से करीब 35 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. सबसे अधिक प्रभावित जिले सिरसा, हिसार और फतेहाबाद हैं. सिरसा में सामान्य के मुकाबले 77 प्रतिशत, हिसार में 55 प्रतिशत और फतेहाबाद में 60 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है. बारिश की कमी के कारण खेतों में नमी घट रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. वहीं यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला जैसे उत्तरी जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा दर्ज की गई है.

आंधी और बारिश से कई जगहों पर हुआ नुकसान: वहीं, प्रदेश के कुछ जिलों में सोमवार को चली तेज आंधी और बारिश ने नुकसान भी पहुंचाया. हिसार के बहबलपुर गांव में तेज हवा के दौरान लोहे का होर्डिंग गिरने से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. फतेहाबाद के रतिया क्षेत्र में ट्रैक्टर पर पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई. वहीं हंस मार्केट में एक जूते की दुकान का छज्जा गिर गया, जबकि भिरडाना गांव के पास बोलेरो पर पेड़ गिरने की घटना भी सामने आई. राहत की बात यह रही कि इन घटनाओं में बड़ा जनहानि नहीं हुई.

हांसी में झमाझम बारिश से लोगों ने ली राहत की सांस: इधर, हांसी में सोमवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली. दिनभर की उमस और तेज गर्मी के बाद धूलभरी आंधी चली और कुछ ही देर में झमाझम बारिश शुरू हो गई. बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली. शहरवासियों ने मौसम के इस बदलाव का स्वागत किया और लंबे समय बाद ठंडक का अहसास किया.

किसानों को फसलों के लिए बारिश से उम्मीद: बारिश के बाद किसानों में भी राहत का माहौल है. हांसी निवासी रोहित मलिक ने कहा, “गर्मी से राहत मिली है. बारिश का लाभ किसानों को भी मिलने की उम्मीद है.” किसानों का मानना है कि यह वर्षा फसलों के लिए लाभदायक साबित होगी और खेतों में नमी बढ़ने से कृषि कार्यों को गति मिलेगी. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले सप्ताह में क्षेत्र में बारिश की संभावना बनी हुई है.

Leave A Reply

Your email address will not be published.