यमुनानगर एनकाउंटर: पुलिस-बदमाशों में मुठभेड़, 3 आरोपी घायल, 1 गिरफ्तार
यमुनानगर में सीआईए-2 और रादौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 4 इनामी बदमाश काबू। मुठभेड़ में तीन बदमाशों के पैर में लगी गोली, पुलिस की बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान।
यमुनानगर: देर शाम पुलिस और वांछित बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. सीआईए-2 और थाना रादौर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चार इनामी बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में तीन बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी लूट और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित थे.
यमुनानगर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़: डीएसपी रजत गुलिया के अनुसार “थाना रादौर में दर्ज लूट और आर्म्स एक्ट के मामले में गिरफ्तार आरोपी संदीप और नीरज से पूछताछ के दौरान उनके चार साथियों (रवि निवासी इंद्री, सतबीर निवासी गन्नौर, पवन उर्फ पुन्ना और प्रवीण) के बारे में जानकारी मिली थी. सूचना के आधार पर सीआईए-2 और थाना रादौर पुलिस ने कंजनू नहर पुल के पास नाकाबंदी की.”
पैर में गोली लगने से तीन बदमाश घायल: डीएसपी ने कहा कि “चारों आरोपी जैसे ही मौके पर पहुंचे, उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रवि, सतबीर और पवन उर्फ पुन्ना के पैर में गोली लगी, जबकि प्रवीण को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी, जिससे कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ.”
पुलिस की जांच जारी: रजत गुलिया के मुताबिक “घायल तीनों आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस हथियारों की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और ये पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनका संबंध किन-किन आपराधिक मामलों से है. पूरे मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.”