नमो भारत रेल: अब दिल्ली से सीधे ऋषिकेश और हरिद्वार, देखें रूट प्लान
दिल्ली-मेरठ रैपिड रेल का विस्तार अब ऋषिकेश तक! 150 किमी लंबा नया कॉरिडोर हरिद्वार और ऋषिकेश को हाई-स्पीड नेटवर्क से जोड़ेगा। जानें पूरी जानकारी और रूट मैप।
दिल्ली-एनसीआर के रैपिड रेल नेटवर्क (RRTS) के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब नमो भारत ट्रेन (Namo Bharat) को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक बढ़ाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है और इसके लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का सर्वे जारी है। परियोजना पूरी होने के बाद उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक शहर हरिद्वार और ऋषिकेश सीधे दिल्ली-एनसीआर के हाई-स्पीड रैपिड रेल नेटवर्क से जुड़ जाएंगे।
यह फैसला उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की बैठक में लिया गया। परियोजना को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के साथ उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड सरकार मिलकर निभाएंगी।
150 किलोमीटर लंबा होगा नया कॉरिडोर
प्रस्तावित मेरठ-हरिद्वार-ऋषिकेश नमो भारत कॉरिडोर करीब 150 किलोमीटर लंबा होगा। यह दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के अंतिम स्टेशन मोदिपुरम (मेरठ) से शुरू होगा।
उत्तर प्रदेश में लगभग 72 किलोमीटर का हिस्सा मेरठ, दौराला, खतौली, मुजफ्फरनगर और पुरकाजी से होकर गुजरेगा। इसके बाद उत्तराखंड में करीब 78 किलोमीटर का ट्रैक रुड़की, हरिद्वार और ऋषिकेश तक जाएगा। प्रस्तावित रूट हरिद्वार में हर की पौड़ी और ऋषिकेश में लक्ष्मण झूला के पास तक पहुंचेगा।
दिल्ली से ऋषिकेश तक मिलेगा सीधा हाई-स्पीड नेटवर्क
यह नया कॉरिडोर मौजूदा 82.15 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर से मोदिपुरम स्टेशन पर जुड़ेगा। इससे यात्रियों को दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार, गाजियाबाद, साहिबाबाद, दुहाई और मेरठ तक बिना किसी अतिरिक्त परेशानी के हाई-स्पीड कनेक्टिविटी मिलेगी। नोएडा और गाजियाबाद के यात्रियों को भी इंटरचेंज के जरिए सीधे हरिद्वार और ऋषिकेश तक पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
अन्य कॉरिडोर से भी जुड़ेगा नेटवर्क
सराय काले खां स्टेशन भविष्य में दिल्ली-गुरुग्राम-नीमराना-अलवर नमो भारत कॉरिडोर का भी प्रमुख इंटरचेंज हब होगा। इससे ऋषिकेश और हरिद्वार से यात्रा करने वाले लोग गुरुग्राम, नीमराना और अलवर तक तेज रफ्तार रेल सेवा का लाभ उठा सकेंगे। इसी तरह दिल्ली-सोनीपत-पानीपत कॉरिडोर से इंटरचेंज के जरिए उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को हरियाणा तक बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
जेवर एयरपोर्ट पहुंचना भी होगा आसान
गाजियाबाद-ग्रेटर नोएडा-नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) कॉरिडोर भी इस नेटवर्क का हिस्सा होगा। इसके जरिए हरिद्वार, ऋषिकेश और मुजफ्फरनगर से आने वाले यात्री गाजियाबाद इंटरचेंज के माध्यम से सीधे जेवर एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे।
दिल्ली मेट्रो से मिलेगा आसान इंटरचेंज
नमो भारत नेटवर्क दिल्ली मेट्रो के ब्लू और पिंक लाइन से आनंद विहार स्टेशन पर जुड़ेगा। यहां से आनंद विहार रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी तक भी सीधी पहुंच होगी। वहीं, पिंक लाइन के जरिए हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और अन्य प्रमुख ट्रांजिट पॉइंट्स तक आसानी से यात्रा की जा सकेगी।
पर्यटन और धार्मिक यात्रा को मिलेगा बढ़ावा
मेरठ-हरिद्वार-ऋषिकेश नमो भारत कॉरिडोर बनने से चारधाम यात्रा के प्रवेश द्वार माने जाने वाले हरिद्वार और ऋषिकेश तक पहुंच आसान होगी। इससे धार्मिक पर्यटन, व्यापार, रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। फिलहाल डीपीआर सर्वे का काम चल रहा है। इसके पूरा होने के बाद परियोजना की लागत, स्टेशन और निर्माण की समयसीमा तय की जाएगी।