अंबाला: बेसहारा बुजुर्ग दंपत्ति का रेस्क्यू, 15 दिन से नहीं मिला था अन्न
अंबाला के दुर्गा नगर में एक बुजुर्ग दंपत्ति गंदगी और बदबू के बीच जीने को मजबूर थे। 15 दिन से भूखे दंपत्ति को एक संस्था ने रेस्क्यू किया। जानें पूरी खबर।
अंबाला : अंबाला शहर के दुर्गा नगर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसे देखकर किसी की भी आंखें नम हो जाएं। एक बुजुर्ग दम्पति सर्वेश कुमार और उनकी धर्मपत्नी पिछले एक महीने से एक किराये के मकान में नर्क जैसी परिस्थितियों में रहने को मजबूर हैं। जिस उम्र में अपनों का साथ और सुकून चाहिए, वहां ये दम्पति गंदगी और बदबू के बीच जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है।

स्थानीय लोगों की मानें तो, सर्वेश कुमार, जो पहले रेलवे रोड पर रहते थे, एक महीने पहले यहां शिफ्ट हुए थे। तब स्थिति सामान्य थी, लेकिन आज हालत ये है कि बुजुर्ग चलने-फिरने में असमर्थ हैं और उनकी पत्नी को आंखों से दिखाई भी नहीं देता। बताया जा रहा है कि पिछले 15 दिनों से इन दो बेसहारा लोगों के पेट में अन्न का एक दाना भी नहीं गया है।
गनीमत रही कि मामले की जानकारी मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस उनके परिजनों, उनके साले से संपर्क साधने की कोशिश कर रही है ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। लेकिन सवाल पुलिस या कानून का नहीं है, सवाल है उस संवेदनशीलता का जो हमारे समाज से गायब होती जा रही है।
