दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे: सराय काले खां पर ट्रैफिक जाम से मिलेगी बड़ी राहत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से सराय काले खां पर बढ़ते ट्रैफिक के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नई योजना बनाई है। नोएडा, गाजियाबाद जाने वालों को मिलेगा सीधा लूप और एलिवेटेड रोड।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के शुरू होने से पहले ही सराय काले खां में ट्रैफिक का दबाव और बढ़ने की चिंता सताने लगी है। इससे निपटने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक खास योजना बनाई है। इस योजना के तहत एक्सप्रेसवे से आकर पूर्वी दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद की ओर जाने वाले वाहनों को सराय काले खां उतरे बिना वहां का रुख कराने के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) को दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव सौंपे हैं।

नोएडा और पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों के लिए

वर्तमान व्यवस्था के तहत दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से उतरने के दो विकल्प हैं। एक रैंप वाहनों को सराय काले खां उतारेगा। दूसरा रैंप वाहनों का रुख महारानी बाग और आश्रम की ओर मोड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस ने प्रस्ताव दिया है कि एक्सप्रेसवे के सराय काले खां पर उतरने वाले रैंप को 150 से 200 मीटर का लूप बनाकर डीएनडी फ्लाईओवर के नोएडा-मयूर विहार कैरिजवे से जोड़ दिया जाए। इससे नोएडा और पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को सराय काले खां पर आए बिना ही आगे बढ़ने का विकल्प मिलेगा।

गाजियाबाद जाने के लिए एलिवेटेड रोड का प्रस्ताव

दूसरे प्रस्ताव में सराय काले खां के रैंप को एनएच-9 और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ने के लिए करीब 1.50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाने का विकल्प दिया, ताकि गाजियाबाद, आनंद विहार और पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन सीधे एनएच-9 और डीएमई पर पहुंच सकें।

बता दें कि, अभी 4 लाख से अधिक वाहन रोज इस एक्सप्रेसवे से गुजरते हैं। इस सफर के दौरान वाहन चालकों को 25 से 35 मिनट तक जाम का सामना करना पड़ता है।

संदीप गुप्ता, डीसीपी ट्रैफिक, दक्षिणी रेंज, ”एक्सप्रेसवे के रैंप को लूप के जरिये डीएनडी के नोएडा-मयूर विहार कैरिजवे और एलिवेटेड रोड से एनएच-9 से जोड़ने का सुझाव दिया है।”

1400km के सफर में कई राज्यों से गुजरेगा एक्सप्रेसवे

बता दें कि, भारत की सबसे बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजना में से एक 1,400 किलोमीटर लंबा और आठ-लेन वाला दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे केंद्र सरकार द्वारा लगभग एक लाख करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है। यह दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों को जोड़ेगा। यह एक्सप्रेसवे दिल्ली और मुंबई के बीच यात्रा को बहुत सुगम बना देगा और प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर करेगा।

120 की स्पीड से 24 घंटे वाली दूरी 12 घंटे में होगी पूरी

अधिकारियों के मुताबिक, एक्सप्रेसवे के पूरी तरह शुरू होने पर सड़क मार्ग के जरिये दिल्ली से मुंबई की दूरी मौजूदा 24 घंटे के मुकाबले महज 12 घंटे में तय की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि इस 8 लेन वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर 120 किलोमीटर प्रति घंटा की अधिकतम रफ्तार से वाहन दौड़ाए जा सकेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.