दिल्ली में झमाझम बारिश से तापमान गिरा, देशभर में भारी बारिश से तबाही
दिल्ली में बारिश से मौसम सुहाना, तापमान में 6 डिग्री की गिरावट। देश के अन्य हिस्सों में भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने से 23 लोगों की मौत, यात्राएं स्थगित।
राजधानी दिल्ली में आज मंगलवार सुबह से लगातार बारिश हो रही है। इससे मौसम सुहाना हो गया है। सोमवार से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 6 डिग्री की गिरावट आई है। मौसम विभाग ने आज के लिए भी येलो अलर्ट जारी किया है। इससे पहले सोमवार को दिल्ली में नौ दिन बाद मॉनसून लौटा।
दिल्ली में सोमवार को दिन भर बादलों की आंख-मिचौली और हल्की हारिश के कारण लोगों को उमस से राहत मिली है। दरअसल, दिल्ली में 11 जुलाई से बारिश नहीं हुई थी। इसके चलते लोगों को बहुत ही अधिक गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा था। जुलाई महीने के लिए पिछले 16 वर्षों में मॉनसून का यह सबसे लंबा ब्रेक साबित हुआ है। रविवार रात से ही घने बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। मध्यरात्रि और सोमवार तड़के कई स्थानों पर हल्की बारिश हुई। दिन के समय भी घने बादल छाए रहे और कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई। इससे तापमान में तेज गिरावट आई है।
कहां कितना तापमान
सफदरजंग में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री दर्ज किया गया है। रविवार की तुलना में अधिकतम तापमान 6.7 डिग्री गिरा है। न्यूनतम तापमान 26.8 डिग्री रहा। रविवार की तुलना में न्यूनतम तापमान में 4.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। सफदरजंग में 6.2 मिमी और आयानगर में 5.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
आज क्या चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। आईएमडी का पूर्वानुमान है कि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उधर, मंगलवार सुबह से दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश जारी है।
भारी बारिश से देशभर में 23 लोगों की मौत, कई लापता
देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जम्मू-कश्मीर में बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ से पिछले दो दिनों में 23 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता हैं। वहीं, खराब मौसम के कारण अमरनाथ, माता वैष्णो देवी और शिव खोरी यात्राएं लगातार दूसरे दिन भी स्थगित रहीं। जम्मू, उधमपुर, रामबन और अन्य बेस कैंपों पर सैकड़ों श्रद्धालु रोके गए हैं। श्री अमरनाथ यात्रा अगले आदेश तक स्थगित रहेगी।
देहरादून-मसूरी हाईवे ढहा, हिमाचल में 4 जगह बादल फटा
लगातार बारिश से देहरादून-मसूरी हाईवे सोमवार शाम पूरी तरह ठप हो गया। खतरे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को फिलहाल रोक दिया है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को वैकल्पिक रूप से किमाड़ी मार्ग से देहरादून भेजा जा रहा है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के चंबा और लाहौल स्पीति में सोमवार को चार जगह बादल फटने से भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार चंबा के उदीन और थांदल क्षेत्रों में बादल फटने के बाद नालों में बाढ़ आ गई। इससे काफी नुकसान हुआ है।