भिवानी: नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

भिवानी में नीट पेपर लीक और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस और जजपा-इनसो का प्रदर्शन। लघु सचिवालय के बाहर पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की।

भिवानी। नीट पेपर लीक मामले और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को भिवानी में जजपा-इनसो और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ रोष जताया। कार्यकर्ताओं ने छात्रों के हितों की रक्षा, पेपर लीक मामलों में कार्रवाई और लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे।

वहीं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी हुई। नीट पेपर लीक और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में जजपा और इनसो कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाने की मांग की।

जजपा और इनसो नेताओं ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि मेहनत करने वाले युवाओं को न्याय मिल सके। उन्होंने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ हुई कार्रवाई की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने के लिए हुई धक्का मुक्की
भिवानी। नीट पेपर लीक, छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों के दमन और विपक्षी नेताओं को हिरासत में लेने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के दौरान लघु सचिवालय के मुख्य गेट पर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हो गई। बाद में एसडीएम महेश कुमार ने कार्यकर्ताओं से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन लिया।

प्रदर्शन का नेतृत्व कांग्रेस ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने किया। इस दौरान युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, सेवा दल और कांग्रेस के अन्य अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

लघु सचिवालय पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन उपायुक्त को सौंपने का प्रयास किया। मुख्य गेट पर पहले से तैनात पुलिस बल ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। बाद में एसडीएम महेश कुमार ने ज्ञापन लिया।
लघु सचिवालय पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और शहरी जिला अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर आवाज उठा रहे युवाओं पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक और भ्रष्टाचार के कारण लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामलों में जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदीप गुलिया जोगी ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामले में शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए पद से इस्तीफा देना चाहिए।
राहुल गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं को पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की घटना पर अनिरुद्ध चौधरी और प्रदीप गुलिया जोगी ने निंदा जताई। उन्होंने कहा कि जनहित और युवाओं के मुद्दों पर आवाज उठाना विपक्ष का अधिकार है। पूर्व सीपीएस रामकिशन फौजी और पूर्व विधायक शिव शंकर भारद्वाज ने भी प्रदर्शन को संबोधित किया।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कौशिक, सतबीर परमार, अनिल नेहरा, कुलदीप, दिलबाग, जिला पार्षद रूपेंद्र ग्रेवाल, ईश्वर शर्मा, समीर खटीक, सत्यजीत पिलानिया, वीरेंद्र बापोड़ा, धीरज सिंह, शिव कुमार चांगिया मौजूद रहे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.