बवानीखेड़ा: छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कैंडल मार्च

बवानीखेड़ा में दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने निकाला कैंडल मार्च। सरकार के खिलाफ जताया रोष, पढ़ें पूरी खबर।

बवानीखेड़ा। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार देर शाम बवानीखेड़ा के मुख्य बाजार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर रोष जताया। युवा कांग्रेस नेता नरेंद्र तंवर के नेतृत्व में निकाले गए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया और छात्रों के समर्थन में सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

कैंडल मार्च की शुरुआत गुलाब सिंह पार्क से हुई, जो मुख्य बाजार से होते हुए मेन चौक और सरकारी अस्पताल तक पहुंचा। प्रदर्शनकारियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया। नरेंद्र तंवर ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के लिए बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। प्रदर्शन में राजेश सिंधु, राजबीर तंवर, अनिल नेहरा, विकास चौहान, धर्मेंद्र बल्हारा, सुनील गौरिया, प्रदीप बडेसरा, सूबेदार रोशन लाल, कैप्टन ईश्वर सिंह काजला और पवन चौधरी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.