कांवड़ यात्रा के चलते दिल्ली के इन प्रमुख रास्तों पर लग सकता है जाम, देखें पूरी एडवाइजरी
सावन कांवड़ यात्रा 2026 को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पश्चिमी रेंज के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। रोहतक रोड, नजफगढ़ रोड समेत प्रभावित रास्तों और वैकल्पिक मार्गों की पूरी लिस्ट देखें।
श्रावण (सावन) मास की शुरुआत के साथ ही पवित्र कांवड़ यात्रा का आगाज हो गया है. 30 जुलाई 2026 से शुरू होकर 11 अगस्त 2026 (सावन शिवरात्रि/चतुर्दशी तिथि) तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान हरिद्वार, गोमुख और गंगोत्री धाम से गंगाजल लेकर लौटने वाले श्रद्धालुओं का बड़ा जत्था दिल्ली की सीमाओं से होकर हरियाणा और राजस्थान के लिए गुजरेगा. कांवड़ियों की सुगम आवाजाही और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने पश्चिमी रेंज के लिए दिशा-निर्देश और वैकल्पिक मार्गों की एडवाइजरी जारी की है.
दिल्ली पुलिस ने पैदल यात्रा कर रहे कांवड़ियों की आवाजाही के लिए पश्चिमी रेंज में निम्नलिखित मार्ग तय किए हैं
रोहतक रोड (Rohtak Road): जखीरा, मादीपुर, पीरागढ़ी चौक, नांगलोई चौक, मुंडका, टीकरी बॉर्डर. नजफगढ़ रोड (Najafgarh Road): जखीरा, उत्तम नगर, नजफगढ़ फिरनी रोड, झाड़ौदा बॉर्डर. आउटर रिंग रोड (Outer Ring Road): मधुबन चौक, पीरागढ़ी चौक, केशौपुर मंडी, डिस्ट्रिक्ट सेंटर, जनकपुरी. देव प्रकाश शास्त्री मार्ग (Dev Prakash Shastri Marg): रतनपुरी चौक, लोहा मंडी.
इन सड़कों पर ट्रैफिक रहेगा प्रभावित
सड़कों के किनारे कांवड़ शिविर लगने और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण निम्नलिखित प्रमुख रास्तों पर भारी ट्रैफिक जाम और रुकावट की संभावना जताई गई है.
- नजफगढ़ फिरनी रोड
- रोहतक रोड
- पंखा रोड
- देव प्रकाश शास्त्री मार्ग
- नांगलोई-नजफगढ़ रोड
- आउटर रिंग रोड
यात्रियों के लिए ट्रैफिक पुलिस के मुख्य निर्देश
सफर को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है. जाम से बचने के लिए जितना संभव हो मेट्रो या पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें. वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग क्षेत्रों में ही पार्क करें.
सड़क किनारे गाड़ियां खड़ी करने से यातायात प्रभावित हो सकता है. नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्री अजमेरी गेट वाली साइड के बजाय पहाड़गंज साइड के रास्ते का उपयोग करें. किसी भी लावारिस या संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखने पर तुरंत दिल्ली पुलिस को सूचित करें.