Ghaziabad News: डासना रेलवे ओवरब्रिज के पास चौड़ी होगी NH-9 की सर्विस रोड, जाम से मिलेगी निजात
गाजियाबाद में डासना रेलवे ओवरब्रिज के पास एनएच-9 की सर्विस रोड को चौड़ा करने की तैयारी पूरी हो चुकी है। एनएचएआई इसी महीने के अंत से काम शुरू करेगा, जिससे रोजाना लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
गाजियाबाद के डासना रेलवे ओवर ब्रिज के पास एनएच-नौ की सर्विस रोड को चौड़ा किया जाएगा। इस स्थान पर एक साथ दो तरफ के वाहन आने पर अक्सर जाम रहता है। सुबह और शाम लंबा ट्रैफिक जाम लगने से वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) ने सर्विस रोड के चौड़ा करने की तैयारी तेज कर दी है।
हापुड़ रोड स्थित डासना रेलवे ओवरब्रिज जहां शुरू होता है, वह जाम का मुख्य केंद्र है। दिल्ली और नोएडा की तरफ एनएच-नौ से आने वाले वाहन जो सर्विस लेने से होते हुए जिन्हें गाजियाबाद की तरफ आना होता है तो वो यहां आकर फंस जाते हैं, क्योंकि सर्विस रोड की चौड़ाई कम होने से वाहनों को मोड़ने में दिक्कत होती है। ऐसे में जाम लग जाता है। इसी तरह हापुड़ की तरफ से आने वाले वाहन जो अंडरपास से होकर गाजियाबाद शहर के लिए आते हैं, वह भी इसी स्थान पर आकर जाम में फंसते हैं।
सड़क चौड़ीकरण का काम जल्द शुरू होगा
एनएचएआई ने वाहन चालकों की समस्या को देखते हुए सर्विस रोड के चौड़ीकरण कराने का निर्णय लिया है। एनएचएआई ने सड़क चौड़ीकरण की फाइल सड़क एवं परिवहन मंत्रालय को भेज दी है। इसकी मंजूरी की प्रकिया अंतिम दौर में है। एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि सभी प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस माह के आखिरी में सड़क चौड़ीकरण का काम शुरू होगा।
चौड़ीकरण के काम में आने वाली बाधा दूर होंगी
एनएचएआई की टीम ने सर्वे कर लिया है। चौड़ीकरण के काम में आने वाली बाधाओं से कैसे निपटा जाएगा इसकी योजना बना ली है। जिस स्थान को चौड़ा किया जाना है वहां ज्यादा जगह नहीं है। हालांकि इंजीनियर ने सड़क कैसे चौड़ी होगी इसका नक्शा बना लिया है।
भविष्य में हो सकती है जाम की बड़ी समस्या
एनएच-नौ और हापुड़ रोड पर चलने वाले वाहनों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। ऐसे में सर्विस रोड को समय रहते यदि चौड़ा नहीं किया गया तो आने वाले समय में जाम की बड़ी समस्या पैदा होगी। सर्विस रोड के चौड़ीकरण से जाम से राहत मिलेगी।
रोड के निर्माण में नियमों का उल्लंघन
दिल्ली-सहारनपुर रोड पर करीब चार माह से सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण की धीमी गति के चलते गहरे गड्ढे और जलभराव लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। स्थानीय निवासी ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से निर्माण कार्य में नियमों के उल्लंघन की शिकायत की है। लोनी बॉर्डर निवासी अरुण कुमार गुप्ता ने बताया कि कई जगहों पर महीनों से काम रुका है। इस कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता राम राजा का कहना है कि बारिश होने और जल निगम के कार्य के चलते निर्माण कार्य बाधित हुआ। जल्द ही कार्य शुरू होगा। ठेकेदार को निर्देश दिया है कि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए।