Noida Traffic Update: 27 अवैध कट होंगे बंद, नियम तोड़ने पर 6259 वाहनों का कटा ई-चालान
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में सड़क हादसों और जाम का कारण बन रहे 27 अवैध कटों को जल्द बंद किया जाएगा। एआरटीओ ने प्राधिकरणों और NHAI को बैरियर लगाने के लिए पत्र लिखा है।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना सिटी में सड़क हादसों और जाम के कारण बन रहे 27 अवैध कट अब जल्द ही बंद कराए जाएंगे। सहायक संभागीय परिवहन विभाग ने शुक्रवार को यह निर्णय लिया। इसके लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना विकास प्राधिकरण के साथ ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को पत्र लिखा गया है।
शॉर्टकट के चक्कर में हो रहे हादसे
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने संबंधित सड़क निर्माण एजेंसियों को सड़कों पर बने इन अवैध कटों की लिस्ट के साथ पत्र लिखा है। एआरटीओ ने बताया कि सड़क सुरक्षा की दृष्टि से ये 27 कट बेहद संवेदनशील हैं। सड़कों पर अनाधिकृत रूप से बने ये अवैध कट आए दिन होने वाले सड़क हादसों का मुख्य कारण बन रहे हैं। वाहन चालक शॉर्टकट लेने के चक्कर में इनसे गलत दिशा में वाहन मोड़ लेते हैं, जिससे गंभीर सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। इन कट की वजह से जाम की भी समस्या होती है।
लोगों की जान से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : एआरटीओ
एआरटीओ ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का उल्लंघन और लोगों की जान को जोखिम में डालना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित विभागों को पत्र लिखकर कहा गया है कि वह अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आने वाले इन अवैध कटों पर कंक्रीट बैरियर या लोहे की ग्रिल लाकर इन्हें पूरी तरह बंद कराएं। इससे भविष्य में होने वाली किसी भी अनहोनी को टाला जा सकता है।
यहां बढ़ाई जाएगी सुरक्षा
नोएडा क्षेत्र में : सोरखा गेट नंबर-2 के सामने, सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन के नीचे, छिजारसी व बहलोलपुर गोलचक्कर के बीच, छिजारसी में शिवम इंटर कॉलेज के सामने
ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में : दुर्गा टॉकिज व मोजर बियर गोलचक्कर के बीच, एलजी गोलचक्कर के पास मारुति सर्विस सेंटर के सामने, सूरजपुर-कासना मार्ग पर एलजी गोलचक्कर के पास, मकोड़ा व तिलपता गोलचक्कर के बीच, अल्फा गोलचक्कर के पास, परी चौक से नोएडा की ओर आते समय नॉलेज पार्क मेट्रो स्टेशन के पास
यमुना क्षेत्र में : गलगोटिया विश्वविद्यालय के सामने, एनआईयू के सामने, बीआईसी गेट के सामने, नौरगपुर पेट्रोल पंप के पास ईस्टर्न पेरिफेरल पर, एनएच-91 पर आनंद अस्पताल के सामने
नोएडा में नियम तोड़ने पर 6259 गाड़ियों के ई-चालान
नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने गुरुवार को जिले में वाहन जांच अभियान चलाया। इस दौरान 6259 वाहनों के ई-चालान किए गए और 21 गाड़ियां जब्त की गईं। हेलमेट नहीं पहने पर 2135, गलत दिशा में वाहन दौड़ाने पर 728 और गलत नंबर प्लेट होने पर 296 चालान किए गए।