Ghaziabad Kanwar Yatra News: कांवड़ मार्ग पर 1 महीने तक बंद रहेंगी मीट की दुकानें, गाजियाबाद में 14 विशेष टीमें तैनात

गाजियाबाद में कांवड़ यात्रा के मद्देनजर कांवड़ मार्ग पर मीट-मांस की दुकानें 1 महीने तक बंद रहेंगी। खाद्य सुरक्षा विभाग की 14 टीमें क्यूआर कोड व भोजन की गुणवत्ता की जांच करेंगी।

कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को शुद्ध और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभाग ने कांवड़ मार्ग पर संचालित मीट-मांस परोसने वाली दुकानों को एक माह तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, भोजन की गुणवत्ता पर नजर रखने के लिए गाजियाबाद में 14 विशेष टीमों को तैनात किया है। ये टीमें होटल, ढाबों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर उनके क्यूआर कोड की जांच कर रही हैं।

दुकानों पर खाद्य सामग्रियों की जांच कर रहे अफसर

हरिद्वार से बड़ी संख्या में गाजियाबाद के रास्ते से शिवभक्त कांवड़ लेकर गुजरते हैं। ऐसे में कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की कोई समस्या ना हो इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां की है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले प्रतिष्ठानों पर सख्ती से जांच शुरू कर दी है। इसके लिए विभाग ने 14 टीमों का गठन किया है।

विभाग ने इन टीमों में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की तैनाती क्षेत्र के अनुसार की है। इस दौरान विभाग के अधिकारी मार्ग पर पड़ने वाले प्रतिष्ठानों पर खाद्य सामग्रियों की जांच कर रहे है। वहीं, मार्ग पर पड़ने वाली नॉनवेज की दुकानों को भी बंद कराया गया है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आशुतोष राय ने बताया कि सावन की पूरे महीने कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाली नॉनवेज फूड की दुकानों को पूरी तरह से बंद करा दिया है। वहीं शहर में भी नॉनवेज फूड की दुकानों को महाशिवरात्रि तक बंद करने की निर्देश जारी किए गए हैं। अधिकारी ने बताया कि यह व्यवस्था शिवभक्तों की धार्मिक आस्था और उनकी सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की गई है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने 14 टीमें को जांच के काम में लगाया

जिला अभिहित अधिकारी सुरेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा विभाग की 14 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में कांवड़ मार्ग का लगातार निरीक्षण कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं कांवड़ मार्ग पर संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। निरीक्षण के दौरान विभागीय टीमें इनकी भी जांच कर रही हैं। यदि किसी कांवड़िए को किसी प्रतिष्ठान पर खराब, मिलावटी या मानकों के विपरीत भोजन मिलता है तो वह क्यूआर कोड स्कैन कर सीधे शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत मिलते ही संबंधित टीम मौके पर पहुंचकर जांच करेगी और दोषी पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.