नोएडा से जेवर एयरपोर्ट के बीच बनेगा 50 किमी लंबा 8-लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे, रूट तय
नोएडा सेक्टर-94 से जेवर एयरपोर्ट के बीच ₹4,000 करोड़ की लागत से 50 किमी लंबा 8-लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनेगा। NHAI बनाएगा नया रूट।
यमुना पुश्ते पर नोएडा से ग्रेटर नोएडा होते हुए एयरपोर्ट को जोड़ने के लिए एलिवेटेड एक्सप्रेसवे बनाया जाएगा। यह करीब 50 किलोमीटर लंबा बनेगा। यह आठ लेन का होगा। इसे बनाने में चार हजार करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। बुधवार को इसका रूट तय कर लिया गया। इस एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के जरिए नोएडा एयरपोर्ट सीधे दिल्ली से जुड़ जाएगा। इसका रूट तय कर बुधवार को प्राधिकरण को भेजा गया। इसका निर्माण एनएचएआई करेगा। प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि एलिवेटेड एक्सप्रेसवे नोएडा के सेक्टर-94 से यमुना सिटी के सेक्टर-23एच तक बनेगा। करीब 50 किलोमीटर में से नोएडा का हिस्सा 27 किलोमीटर का होगा।
यह एक्सप्रेसवे दिल्ली के अक्षरधाम मंदिर के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से बनना शुरू होगा। हालांकि, अभी इसे सेक्टर-94 से ही बनाया जाएगा। मेरठ एक्सप्रेसवे से कालिंदी कुंज तक के हिस्से में अभी राजमार्ग प्राधिकरण ओखला पक्षी विहार समेत अन्य स्थानों से अनुमति लेगा। नोएडा में सेक्टर-94, 150, मंझावली पुल को जोड़ते हुए यमुना सिटी के सेक्टर-23एच से जोड़ा जाएगा। इस एक्सप्रेसवे के मंझावली पुल से जुड़ने के बाद फरीदाबाद से भी एयरपोर्ट की दूरी कम हो जाएगी। इस एक्सप्रेसवे के निर्माण पर करीब चार हजार करोड़ रुपये का खर्चा अनुमानित है।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि रूट फाइनल होने के बाद अब इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। इसके बाद मिट्टी की जांच का काम शुरू होगा। इसका निर्माण और रखरखाव भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण करेगा। अधिकारियों ने बताया कि सिचाईं विभाग की ओर से पुश्ते पर क्लीयरेंस नहीं मिलने के बाद एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के अलॉइनमेंट में बदलाव किया गया है। अब यह एक्सप्रेसवे पुश्ते के पांच मीटर दूर नोएडा की तरफ से होकर गुजरेगा।
दिल्ली और हरियाणा वालों को भी लाभ होगा
इस एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के बनने से दिल्ली और हरियाणा में रहने वालों को भी लाभ मिलेगा। दिल्ली के मयूर विहार, अक्षरधाम, पटपड़गंज, कालिंदी कुंज, सरिता विहार के अलावा हरियाणा के फरीदाबाद, बल्लभगढ़, पलवल आदि क्षेत्र से आने वाले लोग भी मंझावली पुल के जरिए आसानी से नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंच सकेंगे।
दिल्ली के कालिंदी कुंज से जोड़ते हुए बनाया जाएगा
यह एलिवेटेड एक्सप्रेसवे पुश्ते के समानांतर बनाया जाएगा। यह दिल्ली के कालिंदी कुंज से जोड़ते हुए बनाया जाएगा। यह हिंडन पार कर चाई-4 के सामने ग्रेटर नोएडा पहुंचेगा। इसके बाद यमुना एक्सप्रेसवे व यमुना नदी के बीच घरबरा, सेक्टर-27, 26, 24, 24 ए होते हुए यमुना क्षेत्र के ही सेक्टर-23 सी व 23 एच के बीच फरीदाबाद-जेवर ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर उतारा जाएगा।
सीधे नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ेगा
यह एक्सप्रेसवे सीधे नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ेगा। इससे पहले बीच में ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-27 के आगे जगन्नाथपुर से बाएं तरफ करीब दो किलोमीटर बढ़ाकर इस एलिवेटेड एक्सप्रेसवे को ग्रेटर नोएडा-फरीदाबाद को जोड़ने वाले मंझावली पुल की सड़क से जोड़ा जाएगा। इस तरह मझावली पुल के जरिए भी इस एलिवेटेड एक्सप्रेसवे से जुड़े जाएंगे।
26 गांव के राजस्व नक्शे मांगे
अधिकारियों ने बताया कि एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के लिए 26 गांवों के राजस्व नक्शे राजमार्ग प्राधिकरण ने जिला प्रशासन और प्राधिकरण से मांगे हैं।