Ghaziabad DME Accident News: गुरुग्राम से हरिद्वार जा रहे बाइक सवार 3 कांवड़ियों की एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक मौत
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भोजपुर के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन कांवड़ियों की मौत। गुरुग्राम से हरिद्वार जा रहे थे तीनों दोस्त।
गाजियाबाद। डाक कांवड़ लेने गुरुग्राम से हरिद्वार जा रहे बाइक सवार तीन दोस्तों की बुधवार तड़के दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे (डीएमई) पर सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, भोजपुर थाना क्षेत्र में कलछीना गांव के सामने तेज रफ्तार बाइक आगे चल रहे अज्ञात वाहन में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और तीनों कांवड़िये सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग निकला।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
राजकुमार का परिवार करीब 23 वर्ष पहले अलीगढ़ से गुरुग्राम के काकरौला जाकर बस गया था और खेतीबाड़ी करता है। उनके पिता ने बताया कि राजकुमार व ज्ञानप्रकाश की दोस्ती गुरुग्राम में हुई थी। प्रदीप से भी दोनों की वहीं मित्रता हुई। तीन वर्ष पहले बीमारी के चलते राजकुमार की पत्नी सरिता का निधन हो गया था। मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर हरिद्वार के लिए निकले थे। तड़के करीब साढ़े चार बजे हादसा हो गया। पुलिस तीनों को मोदीनगर सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।