सीएम योगी ने 46,800 विद्यार्थियों को बांटे टैबलेट: गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के छात्रों को मिली सौगात
सीएम योगी आदित्यनाथ ने देवीपाटन मंडल के 46,800 छात्रों को बांटे टैबलेट; पिछली सरकारों पर निशाना और मंडल के विकास कार्यों का जिक्र।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवीपाटन मंडल के गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के 46,800 छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि मुंगेरीलाल के सपने दिखाने से विकास नहीं होता… विकास के लिए समय, समर्पण और स्पष्ट विजन चाहिए… पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को माफिया और उपद्रव प्रदेश बनाकर युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था… आज वही उत्तर प्रदेश माफिया, कर्फ्यू और दंगा मुक्त होकर देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जिनकी सोच केवल परिवार तक सीमित थी, उन्होंने सैफई तक सोचा, जबकि उनकी सरकार ने प्रदेश की 25 करोड़ जनता को अपना परिवार मानकर उसकी तकदीर बदलने के लिए पूरी ताकत लगाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि टैबलेट केवल एक डिजिटल डिवाइस नहीं, बल्कि युवाओं के लिए चलता-फिरता विश्वविद्यालय है। इसके माध्यम से उन्हें शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता और कौशल विकास के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे इस तकनीक का उपयोग अपने भविष्य को संवारने में करें।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को तकनीक के सही इस्तेमाल की सलाह देते हुए कहा कि रील देखने में 30 सेकंड लगाएं, लेकिन अपने कौशल को निखारने के लिए प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट जरूर दें… टैबलेट के साथ अपने सपनों और संकल्पों को भी हमेशा चार्ज रखिए… सपने बड़े होने चाहिए और उनके अनुरूप परिश्रम करने की क्षमता भी होनी चाहिए… मुख्यमंत्री ने कहा, ‘जब आप चार्ज रहेंगे तभी आसुरीय शक्तियां और नेगेटिव फोर्सेज डिस्चार्ज होंगी… जब नेगेटिव फोर्सेज डिस्चार्ज होंगी तो आपका भविष्य सुपरचार्ज होगा।’
🎓 चार जिलों के 46,800 विद्यार्थियों को मिली सौगात
स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत देवीपाटन मंडल के चार जिलों में कुल 46,800 विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। जिलेवार आंकड़ों के मुताबिक, गोंडा के 33,200, बहराइच के 7,400, बलरामपुर के 5,100 और श्रावस्ती के 1,100 विद्यार्थियों को टैबलेट मिले। मुख्यमंत्री के हाथों टैबलेट पाने वाले विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। गोंडा की प्रियंका चतुर्वेदी, सुरभि तिवारी, पिंकी सोनी, अर्चिता और सैयद अनस ने खुशी जताते हुए कहा कि टैबलेट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसी तकनीक उपलब्ध है, जिससे पढ़ाई में मदद मिलेगी।
बहराइच की मानवी पांडेय, अमिता जायसवाल, समा बेगम, श्रीकुंज बिहारी और शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टैबलेट के माध्यम से वे निशुल्क ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से नई चीजें सीख सकेंगे। रोजगार, इंटर्नशिप और छात्रवृत्ति से जुड़ी जानकारी भी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। श्रावस्ती की रिद्धिमा वैश्य, साधना मिश्रा, जैनब, भूपेंद्र विश्वकर्मा और राजवीर सिंह ने टैबलेट मिलने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया। वहीं, बलरामपुर की अर्चना शुक्ला, रमन द्विवेदी, सौम्या पांडेय, अभिजीत भट्ट और मोहम्मद सुलेमान सिद्दीकी ने भी इस सौगात पर प्रसन्नता व्यक्त की।
🏗️ कभी गोंडा देश का सबसे गंदा शहर, आज विकास की नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोंडा और देवीपाटन मंडल के पुराने हालात का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 से पहले गोंडा का नाम देश के सबसे गंदे शहरों में आया था… देवीपाटन शक्तिपीठ तक पहुंचने वाली सड़कें बेहद खराब थीं… बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच जैसे जिले विकास की दौड़ में इतने पीछे थे कि नीति आयोग की आकांक्षी जिलों की सूची में एक ही मंडल के तीन जनपद शामिल थे। प्रति व्यक्ति आय के लिहाज से भी ये जिले प्रदेश के पिछड़े क्षेत्रों में गिने जाते थे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज गोंडा में मेडिकल कॉलेज बन चुका है… बहराइच में मेडिकल कॉलेज संचालित है… बलरामपुर में मां पाटेश्वरी के नाम पर विश्वविद्यालय का निर्माण हुआ है और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण तेजी से चल रहा है… थारू संग्रहालय और बेहतर सड़कें इस क्षेत्र के विकास की नई पहचान हैं… उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार ने अकेले देवीपाटन मंडल के लिए 36 हजार करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं… श्रावस्ती में एयरपोर्ट तैयार हो चुका है और शीघ्र ही हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने जा रही है।