भारी बारिश से जलमग्न हुआ फरीदाबाद, अंडरपास में डूबी स्कॉर्पियो; बाल-बाल बचा चालक
फरीदाबाद में भारी बारिश के बाद अंडरपास में पानी भरने से डूबी स्कॉर्पियो। ड्राइवर ने बचाई अपनी जान। जानिए फरीदाबाद में जलभराव की पूरी स्थिति।
फरीदाबाद : फरीदाबाद में लगातार हो रही भारी बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। चाहे ओल्ड अंडरपास हो या ग्रीनफील्ड अंडरपास, बारिश के बाद हालात बेहद खराब नजर आ रहे हैं।
इसी बीच एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक स्कॉर्पियो गाड़ी पानी में पूरी तरह डूबी हुई दिखाई दे रही है। बताया जा रहा है कि गाड़ी अंडरपास में पानी भरने के चलते फंस गई थी। हालांकि राहत की बात यह रही कि ड्राइवर ने समय रहते गाड़ी से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। बाद में रेस्क्यू टीम की मदद से स्कॉर्पियो को पानी से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फरीदाबाद में बारिश के बाद सामने आए ये हालात शहर की जल निकासी व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर रहे हैं। स्मार्ट सिटी के दावों के बीच अगर अंडरपास और प्रमुख सड़कों पर इस तरह पानी भर जाए और वाहन तक डूबने की स्थिति पैदा हो जाए, तो निश्चित तौर पर यह व्यवस्था की बड़ी चुनौती है। लगातार बारिश के बीच प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती जलभराव वाले इलाकों से पानी की निकासी और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।