कांवड़ लेने हरिद्वार जा रहे युवकों की बाइक ट्रक से टकराई, एक की मौत, एक गंभीर
अम्बाला-जगाधरी मार्ग पर मनका गांव के पास रॉन्ग साइड से आए ट्रक ने कांवड़ लेने जा रहे दो बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक की मौत, एक घायल।
बराड़ा : हरियाणा के अम्बाला में गांव मनका के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में हरिद्वार कांवड़ लेने जा रहे 2 युवकों की मोटरसाइकिल देर रात अम्बाला जगाधरी मार्ग पर संगम ढाबे के नजदीक सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्रक से टकरा गई।
इस भीषण हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए एमएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, ज्ञानेन्द्र ( उम्र 33) निवासी पंचकूला और जितेश राज ( उम्र 25) निवासी बद्दी, हिमाचल प्रदेश जो की मोटरसाइकिल पर हरिद्वार कांवड़ लेने के लिए जा रहे थे। देर रात जब वे मनका के पास संगम ढाबे के नजदीक पहुंचे तो सामने से रॉन्ग साइड में आ रहे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयानक थी कि ज्ञानेन्द्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जितेश राज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर थाना मुलाना ले गई। घायल जितेश राज को उपचार के लिए एमएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
पुलिस ने मृतक के शव को एमएम अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।