‘विपक्ष का काम भ्रम फैलाना और सत्ता पाना’, राहुल गांधी के बयान पर डॉ. अरविंद शर्मा का पलटवार
राहुल गांधी के 'टाटा बाय-बाय' वाले बयान पर झज्जर में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने तीखा पलटवार किया। जानिए उन्होंने क्या कहा।
झज्जर : हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाजपा और आरएसएस के सिस्टम को खत्म कर “टाटा बाय-बाय” करने का समय आ चुका है वाले बयान पर तीखा पलटवार किया। डॉ. शर्मा ने कहा कि विपक्ष का काम केवल भ्रम फैलाना है और वह इसी काम में लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का एकमात्र उद्देश्य किसी भी तरह सत्ता हासिल करना है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी और विपक्षी दलों को युवाओं की कोई चिंता नहीं है,बल्कि उनकी पूरी राजनीति केवल सत्ता प्राप्त करने तक सीमित है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यदि देश के युवाओं को कोई मान-सम्मान देता है तो वह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी लगातार युवाओं को आगे बढ़ाने,उनकी भागीदारी बढ़ाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का काम कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में युवाओं से कहा है कि केवल सवाल पूछना ही पर्याप्त नहीं है,बल्कि उसके समाधान भी सुझाने चाहिए। यही सकारात्मक और रचनात्मक राजनीति की पहचान है।
डॉ.अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री युवाओं का सम्मान करते हैं और उन्हें देश की सबसे बड़ी ताकत मानते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का पूरा ध्यान केवल सत्ता हथियाने की राजनीति पर है और वह जनता के मुद्दों से भटकाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास और स्थिरता की राजनीति का समर्थन कर रही है।