हरियाणा में छात्र आंदोलनों के लिए बनेगी ‘सामूहिक छात्र संघर्ष समिति’, दिग्विजय चौटाला का बड़ा ऐलान

भिवानी में दिग्विजय चौटाला ने प्रदेशभर में सामूहिक छात्र संघर्ष समिति बनाने का ऐलान किया। छात्र संघ चुनाव की बहाली मुख्य मांग।

भिवानी। दिल्ली के जंतर-मंतर और झारखंड में हुए छात्र आंदोलन से प्रेरित होकर जननायक जनता पार्टी की छात्र इकाई इनसो ने एक बड़ा फैसला लिया है। इनसो ने प्रदेश भर में सामूहिक छात्र संघर्ष समिति बनाने का निर्णय किया है। इस समिति में सभी राजनीतिक दलों की छात्र इकाइयों को एकत्रित किया जाएगा।

जननायक जनता पार्टी के युवा नेता दिग्विजय सिंह ने भिवानी में पत्रकार वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश की दिशा व दशा बदलने में छात्रों की अहम भूमिका है। इनसो इस समिति के माध्यम से कांग्रेस की एनएसयूआई, कम्युनिस्ट पार्टियों की एसएफआई और भाजपा की एबीवीपी को साथ लाएगी।

अन्य छात्र संगठन भी इस मंच पर शामिल होंगे। समिति का नेतृत्व सामूहिक छात्र संघर्ष समिति के डेलीगेट के हाथ में होगा। दिग्विजय चौटाला ने बताया कि वे खुद कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में एमए राजनीति शास्त्र के छात्र हैं। वे विभिन्न विश्वविद्यालयों में जाकर छात्र हितों के लिए नेतृत्व तैयार करेंगे। यह आंदोलन अपनी मांगें पूरी होने तक जारी रहेगा।

इस संगठन की मुख्य मांगें छात्र संगठनों के चुनाव फिर से शुरू करवाना है। विभिन्न विश्वविद्यालयों में समान फीस के लिए फीस रेगुलेटरी बोर्ड बनाया जाएगा। टीचिंग और नॉन टीचिंग के खाली पदों को भरे जाने की भी मांग है। विश्वविद्यालयों के भगवाकरण को रोकना और समय पर रिजल्ट घोषित करना भी शामिल है। यह संगठन प्रदेश भर में छात्रों की इन मांगों को लेकर सक्रिय रहेगा।
दिग्विजय चौटाला ने स्पष्ट किया कि समिति का नेतृत्व इनसो से जुड़ा कोई नेता ही करे यह जरूरी नहीं है। अन्य दलों की छात्र इकाई का नेता भी इसका नेतृत्व कर सकता है। प्रदेश के सभी छात्र संगठनों की मांगें लगभग समान हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर पर जैन-जी छात्रों ने अपनी एकता से केंद्र सरकार को झुकाया था। इसी प्रकार हरियाणा में भी छात्र अपनी मांगों के लिए आंदोलन करेंगे।
Leave A Reply

Your email address will not be published.