बहादुरगढ़ सेक्टर-9 में कार और स्कूटी की भीषण टक्कर, सरकारी टीचर की मौत
बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 में जिमखाना क्लब के पास तेज रफ्तार कार और स्कूटी की भीषण टक्कर में दिल्ली के सरकारी शिक्षक चेतन यादव की मौत हो गई।
बहादुरगढ़ : बहादुरगढ़ शहर के सेक्टर-9 में जिमखाना क्लब के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार सरकारी टीचर की मौत हो गई, जबकि कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी और कार के परखच्चे उड़ गए और सड़क किनारे खड़े पेड़ को भी काफी नुकसान पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब आठ बजे जिमखाना क्लब से कुछ मीटर की दूरी पर तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक पेड़ से जा टकराई। हादसे के दौरान जोरदार धमाका हुआ, जिससे आसपास के लोग भी सहम गए। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को संभाला और उपचार के लिए शहर के आर-जे अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने स्कूटी सवार चेतन यादव को मृत घोषित कर दिया, जबकि कार चालक मुकेश की हालत गंभीर बताई जा रही है।
मृतक चेतन यादव मूल रूप से राजस्थान के बहरोड़ का रहने वाला था और कुछ समय से बहादुरगढ़ के सेक्टर-9 में रह रहा था। वह दिल्ली के रनहोला में सरकारी टीचर के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि वह ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था और घर पहुंचने से कुछ समय पहले ही हादसे का शिकार हो गया। वहीं घायल कार चालक मुकेश के दिल्ली पुलिस कर्मी होने की जानकारी सामने आई है। मृतक चेतन के पिता के बयान पर सेक्टर-9 चौकी पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक तौर पर घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।