सावन पूर्णिमा पर भद्रा रहित शुभ मुहूर्त में बांधें राखी, देखें पूरी समय सारिणी
रक्षाबंधन 28 अगस्त 2026 को उदया तिथि में मनाया जाएगा। जानिए 27 और 28 अगस्त की पूर्णिमा तिथि, भद्रा रहित शुभ मुहूर्त और महत्व।
रक्षाबंधन हिंदू धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक है, जो भाई-बहन के प्रेम और आपसी स्नेह का प्रतीक माना जाता है. इस दिन बहनें भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनकी लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. हालांकि, इस बार रक्षाबंधन की तारीख को लेकर लोगों के बीच कंफ्यूजन है, क्योंकि सावन पूर्णिमा 27 अगस्त को लग गई है, जबकि रक्षाबंधन 28 अगस्त, शुक्रवार को मनाया जाएगा.
हर साल सावन पूर्णिमा तिथि पर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाता है. ऐसे में लोग पूर्णिमा तिथि पर ही ये त्योहार बिना किसी संशय के मनाते हैं. मगर इस बार रक्षाबंधन को लेकर लोगों में काफी कंफ्यूजन है और इसकी वजह है पूर्णिमा तिथि का दो दिन मान्य होना. अगर आप भी कंफ्यूज हैं कि रक्षाबंधन 27 का मनाएं या 28, तो हम आपका कंफ्यूजन दूर करेंगे.
सावन पूर्णिमा आज, फिर रक्षाबंधन 28 अगस्त को क्यों?
हिंदू पंचांग और उदया तिथि के मुताबिक, रक्षाबंधन का पर्व 28 अगस्त 2026, शुक्रवार को मनाया जाएगा. इसकी वजह ये है कि पूर्णिमा तिथि का सूर्योदय 28 अगस्त को हो रहा है. हिंदू धर्म में किसी भी व्रत या त्योहार की तिथि निर्धारित करने में उदया तिथि यानी सूर्योदय के समय मौजूद तिथि को विशेष महत्व दिया जाता है.
28 अगस्त को ही क्यों मनाया जाएगा रक्षाबंधन?
हिंदू धर्म में व्रत और त्योहार की तिथि का निर्धारण आमतौर पर सूर्योदय के समय व्याप्त तिथि के आधार पर किया जाता है. सावन पूर्णिमा 27 अगस्त की सुबह शुरू होकर 28 अगस्त की सुबह तक रहेगी. 28 अगस्त को सूर्योदय के समय पूर्णिमा तिथि मौजूद रहेगी. इसी वजह से शास्त्रानुसार 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाना मान्य माना जा रहा है. 27 अगस्त को सावन पूर्णिमा का व्रत रखा गया है, जबकि 28 अगस्त को स्नान-दान और रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा.
सावन पूर्णिमा 2026 की तिथि
- पूर्णिमा तिथि प्रारंभ: 27 अगस्त सुबह 09:09 बजे
- पूर्णिमा तिथि समाप्त: 28 अगस्त सुबह 09:47 बजे तक
- पूर्णिमा व्रत: 27 अगस्त, गुरुवार
- स्नान-दान और रक्षाबंधन: 28 अगस्त, शुक्रवार
27 अगस्त को चतुर्दशी युक्त पूर्णिमा और चंद्रोदय व्यापिनी होने के कारण पूर्णिमा व्रत रखा जा रहा है. वहीं, 28 अगस्त को उदया तिथि के अनुसार स्नान-दान के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा.
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त
- उत्तम मुहूर्त: सुबह 05:57 बजे से 09:48 बजे तक (टाइम लगभग 3 घंटे 51 मिनट)
- अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 12:04 बजे से 12:53 बजे तक
सुबह राखी बांधना क्यों माना जा रहा है शुभ?
28 अगस्त की सुबह 09:48 बजे तक पूर्णिमा तिथि रहेगी. खास बात ये है कि इस दिन सूर्योदय के समय भद्रा भी नहीं है. ऐसे में सुबह का समय राखी बांधने के लिए श्रेष्ठ माना जा रहा है. इसलिए सावन पूर्णिमा 27 अगस्त को शुरू होने के बावजूद रक्षाबंधन को लेकर कंफ्यूज होने की जरूरत नहीं है. उदया तिथि के अनुसार 28 अगस्त, शुक्रवार को ही रक्षाबंधन का पर्व मनाया जाएगा. ऐसे में कोशिश करें कि पूर्णिमा तिथि समाप्त होने से पहले भाई को राखी बांध लें.