9 सितंबर को ‘Surprise and Shine’ इवेंट, जॉन टर्नस के CEO बनने के बाद पहला बड़ा लॉन्च

ऐप्पल 9 सितंबर को Steve Jobs Theater में बड़ा इवेंट आयोजित कर रहा है। इसमें पहला फोल्डेबल iPhone Ultra और iPhone 18 Pro मॉडल्स पेश हो सकते हैं।

Apple ने अपने अगले बड़े लॉन्च इवेंट की तारीख का ऐलान कर दिया है. कंपनी 9 सितंबर को एक खास इवेंट आयोजित करने जा रही है, जिसका इनविटेशन भी काफी दिलचस्प है. इसमें हल्के नीले बैकग्राउंड पर चमकता हुआ Apple लोगो नजर आता है और साथ में Surprise and shine लिखा है. इस बार का इवेंट इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि कंपनी कई सालों बाद iPhone लाइनअप में बड़ा बदलाव कर सकती है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इवेंट में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ Apple का पहला फोल्डेबल iPhone पेश किया जा सकता है. इसे फिलहाल रिपोर्ट्स में iPhone Ultra नाम से बताया जा रहा है. यह लॉन्च इवेंट Apple Park स्थित Steve Jobs Theater में होगा. कार्यक्रम भारतीय समय के मुताबिक 9 सितंबर की रात 10:30 बजे शुरू होगा.

नए CEO के लिए भी होगा पहला बड़ा लॉन्च

इस बार Apple का इवेंट सिर्फ नए iPhone की वजह से चर्चा में नहीं है. कंपनी के नेतृत्व में भी बड़ा बदलाव होने जा रहा है. रिपोर्ट्स के अनुसार, John Ternus 1 सितंबर से Apple के CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे और इसके कुछ ही दिनों बाद कंपनी का नया iPhone लॉन्च इवेंट होगा.

Ternus अभी Apple के हार्डवेयर इंजीनियरिंग विभाग का नेतृत्व करते हैं. CEO बनने के बाद यह उनका पहला बड़ा iPhone लॉन्च होगा. वहीं, 2011 से Apple की कमान संभाल रहे Tim Cook कार्यकारी चेयरमैन की भूमिका में चले जाएंगे.

इस बार पूरा iPhone 18 लाइनअप नहीं आएगा?

हर साल सितंबर में Apple एक साथ iPhone की नई सीरीज पेश करता रहा है, लेकिन इस बार तस्वीर अलग हो सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी इस इवेंट में पूरी iPhone 18 सीरीज लॉन्च करने के बजाय सिर्फ प्रीमियम मॉडल पेश कर सकती है. संभावना है कि iPhone 18 और दूसरी पीढ़ी का iPhone Air 2027 तक टाले जा सकते हैं. ऐसे में 9 सितंबर के इवेंट में iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और फोल्डेबल iPhone Ultra सबसे बड़े आकर्षण बन सकते हैं.

फोल्डेबल iPhone में क्या मिलेगा?

Apple का पहला फोल्डेबल फोन किताब की तरह खुलने वाले डिजाइन के साथ आ सकता है. इसका फॉर्मेट Samsung Galaxy Z Fold सीरीज जैसा होने की उम्मीद है. रिपोर्ट्स में बाहरी स्क्रीन का आकार करीब 5.3 से 5.5 इंच और अंदर की OLED स्क्रीन करीब 7.6 से 7.8 इंच होने की बात कही गई है.

दोनों डिस्प्ले में 120Hz ProMotion सपोर्ट मिलने की संभावना है. फोन में Apple की नई A20 Pro चिप और पहले से पतला डिजाइन दिया जा सकता है. नया हिंज सिस्टम भी इसका अहम हिस्सा हो सकता है.

iPhone 18 Pro में भी मिलेंगे कई अपग्रेड

iPhone 18 Pro और Pro Max का डिजाइन मौजूदा Pro मॉडल से पूरी तरह अलग होने की उम्मीद नहीं है. हालांकि, इनमें छोटा Dynamic Island, नए कलर और कैमरा से जुड़े सुधार देखने को मिल सकते हैं.

iPhone 18 Pro Max में 48MP मेन कैमरा और वैरिएबल अपर्चर मिलने की चर्चा है. वहीं दोनों Pro मॉडल में नई 2nm A20 Pro चिप दी जा सकती है, जिससे परफॉर्मेंस और पावर एफिशिएंसी बेहतर होने की उम्मीद है.

कितनी हो सकती है कीमत?

Apple ने अभी कीमतों की पुष्टि नहीं की है. हालांकि, रिपोर्ट्स के अनुसार iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत पिछले मॉडल से करीब 100 डॉलर ज्यादा हो सकती है. भारत में iPhone 17 Pro की शुरुआती कीमत 1,34,900 रुपये बताई गई है.फोल्डेबल iPhone Ultra इससे कहीं महंगा हो सकता है. इसकी शुरुआती कीमत करीब 2,000 डॉलर यानी लगभग 1.9 लाख रुपये या उससे ज्यादा होने की अटकलें हैं.

अगर ये रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो Pro मॉडल ज्यादातर खरीदारों के लिए ज्यादा व्यावहारिक विकल्प रह सकते हैं. वहीं iPhone Ultra उन लोगों को आकर्षित कर सकता है, जो Apple के फोल्डेबल एक्सपीरियंस के लिए बड़ी कीमत चुकाने को तैयार हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.