पूर्व PM नजीब रजाक, मुहिद्दीन यासीन और इस्माइल साबरी पर क्या हैं आरोप? पढ़ें पूरी रिपोर्ट

मलेशिया में नजीब रजाक, मुहिद्दीन यासीन और इस्माइल साबरी एक ही दिन कुआलालंपुर कोर्ट पहुंचे। जानिए 1MDB, संपत्ति विवाद और आरोपों का सच।

मलेशिया में गुरुवार यानी 27 अगस्त को एकअसामान्य राजनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला. देश के तीन पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक, मुहिद्दीन यासीन और इस्माइल साबरी याकूब एक ही दिन कुआलालंपुर कोर्ट कॉम्प्लेक्स पहुंचे. तीनों किसी एक मामले में साथ नहीं हैं, बल्कि अलग-अलग कानूनी मामलों में अदालत की कार्यवाही का सामना कर रहे हैं.

मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक के खिलाफ वन मलेशिया डेवलपमेंट बरहाद (1MDB) और उसकी सहायक कंपनियों ने करीब 5.64 अरब डॉलर का सिविल मुकदमा दायर किया है.दूसरे पूर्व प्रधानमंत्री मुहिद्दीन यासीन भी इसी कोर्ट कॉम्प्लेक्स में पहुंचे. उनके खिलाफ जाना विवावा प्रोजेक्ट से जुड़े सत्ता के दुरुपयोग और मनी लॉन्ड्रिंग के कुल सात आरोपों की सुनवाई चल रही है.तीसरे पूर्व प्रधानमंत्री इस्माइल साबरी याकूब गुरुवार सुबह सेशंस कोर्ट पहुंचे, जहां उन पर संपत्ति घोषित नहीं करने का आरोप लगाया गया है. हालांकि, उन्होंने आरोपों को स्वीकार नहीं किया.

पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक पर क्या आरोप?

मलेशिया के पूर्व प्रधानमंत्री नजीब रजाक समेत कई अन्य लोगों परट्रस्ट के उल्लंघन, वैधानिक जिम्मेदारियों के उल्लंघन, सत्ता के दुरुपयोग और 1MDB के फंड के कथित दुरुपयोग की साजिश जैसे आरोप लगाए गए हैं.नजीब पहले से ही 1MDB घोटाले से जुड़े एक अलग आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जा चुके हैं और जेल की सजा काट रहे हैं. इस नए सिविल मामले का केंद्र 1MDB को हुए कथित वित्तीय नुकसान की भरपाई से जुड़ा है.

पूर्व पीएम मुहिद्दीन यासीन पर आरोप कितना गंभीर?

मुहिद्दीन यासीन पर आरोप है प्रधानमंत्री और अपनी पार्टी बर्सातू के अध्यक्ष के तौर पर अपने पद का इस्तेमाल करते हुए पार्टी के लिए करीब RM225.3 मिलियन यानी लगभग 22.53 करोड़ मलेशियाई रिंगिट की रकम हासिल करने की कोशिश की. यह रकम चार कंपनियों और एक कारोबारी से जुड़ी बताई गई है. इसके अलावा उन पर करीब RM200 मिलियन की कथित अवैध रकम को पार्टी के बैंक खातों में हासिल करने से जुड़े तीन मनी लॉन्ड्रिंग आरोप भी हैं.

इस मामले में हाल की सुनवाई के दौरान एक गवाह ने बताया कि KCJ इंजीनियरिंग को जाना विवावा प्रोजेक्ट के तहत एक सड़क परियोजना मिलने के बाद कंपनी की ओर से बर्सातू को RM4.8 मिलियन का योगदान दिया गया था.मुहिद्दीन ने आरोपों से इनकार किया है. मामले की सुनवाई फिलहाल जारी है.

पूर्व प्रधानमंत्री इस्माइल साबरी क्या है आरोप?

मलेशिया की भ्रष्टाचार रोधी एजेंसी MACC के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री इस्माइल साबरी ने एक नोटिस के तहत अपनी संपत्तियों की पूरी जानकारी नहीं दी. आरोप में RM14.77 मिलियन नकद के साथ कई विदेशी मुद्राओं की बड़ी रकम और सोने की छड़ों का उल्लेख है. इनमें अमेरिकी डॉलर, सिंगापुर डॉलर, स्विस फ्रैंक, यूरो, जापानी येन, ब्रिटिश पाउंड, न्यूजीलैंड डॉलर, यूएई दिरहम और ऑस्ट्रेलियाई डॉलर शामिल हैं.

इस मामले में MACC ने जांच के दौरान करीब RM170 मिलियन की अलग-अलग विदेशी मुद्राओं में नकदी और 16 किलोग्राम सोने की छड़ें जब्त की थीं. हालांकि अदालत में आज लगाया गया आरोप मुख्य रूप से MACC के संपत्ति घोषित करने संबंधी नोटिस का कथित तौर पर पालन नहीं करने को लेकर है.इस्माइल साबरी पर मलेशिया के MACC Act की धारा 36(2) के तहत आरोप लगाया गया है. दोष सिद्ध होने पर उन्हें अधिकतम पांच साल की जेल और RM100,000 तक जुर्माने का सामना करना पड़ सकता है. उन्होंने खुद को निर्दोष बताया है.

पद छोड़ने के बाद आपराधिक आरोपों का सामना करने वाले मलेशिया के तीसरे पूर्व प्रधानमंत्री

तीनों मामले अलग-अलग हैं और किसी एक से सीधे जुड़े नहीं हैं. लेकिन एक ही दिन इन तीनों पूर्व प्रधानमंत्रियों का अदालत पहुंचना असाधरण बताया जा रहा है. साथ ही मलेशिया की राजनीति में भ्रष्टाचार और सत्ता के कथित दुरुपयोग के मामलों पर चल रही कानूनी कार्रवाई को भी दिखाता है. इस्माइल साबरी के खिलाफ आरोप के साथ वह हाल के वर्षों में पद छोड़ने के बाद आपराधिक आरोपों का सामना करने वाले मलेशिया के तीसरे पूर्व प्रधानमंत्री बन गए हैं.

Leave A Reply

Your email address will not be published.