कैलाश मानसरोवर यात्रा से लौट रही डॉक्टर प्रियंका चौधरी नेपाल में बाढ़ की चपेट में, परिवार चिंतित
नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद फिनलैंड से यात्रा पर गईं हांसी की डॉक्टर प्रियंका चौधरी लापता हो गई हैं। परिजनों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
हांसीः नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण बाढ़ और तबाही के बीच हरियाणा के हांसी की रहने वाली डॉक्टर प्रियंका चौधरी के लापता होने की खबर सामने आई है. डॉ. प्रियंका फिनलैंड से करीब 70 डॉक्टरों की टीम के साथ नेपाल घूमने गई थीं. सदगुरु जग्गी वासुदेव की कैलाश मानसरोवर यात्रा में शामिल हुई थीं. 13 अगस्त से शुरू हुआ उनका टूर 26 अगस्त तक था और इसी दिन उनकी भारत वापसी की टिकट थी. लेकिन वापसी से पहले ही नेपाल-चीन सीमा के पास आई बाढ़ की चपेट में आने के बाद उनसे संपर्क टूट गया.
भिवानी जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन की बेटी है डॉ. मनीषाः आपको बता दें कि डॉ. प्रियंका चौधरी मूल रूप से भिवानी जिले के बरसी गांव की रहने वाली हैं. उनके पिता रमेश ओला भिवानी जिला परिषद के पूर्व चेयरमैन रह चुके हैं. चेयरमैन रहते हुए उनका परिवार हांसी के मॉडल टाउन में आकर रहने लगा था और करीब 10 वर्षों से परिवार हांसी में रह रहा है. रमेश ओला को एक बेटा व एक बेटी हैं। अब रमेश ओला अपने परिवार समेत छत्तीसगढ़ में रह रहे हैं. चार महीने पहले हांसी आये थे. मॉडल टाउन में फिलहाल उसके भाई का परिवार रह रहा है.
25 अगस्त को आखिरी बार हुई है बातः प्रियंका के ताऊ के बेटे विकास ओला ने बताया कि “25 अगस्त की रात करीब 10 बजे परिवार की प्रियंका से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी. प्रियंका ने बताया था कि वह अपनी टीम के साथ नेपाल-चीन बॉर्डर के पास एक होटल में ठहरी हुई हैं. उन्होंने परिवार को बताया कि टूर शानदार चल रहा है और 26 अगस्त को भारत लौटने के बाद रक्षाबंधन पर घर आने की योजना है.”
आउट ऑफ रेंज आ रहा है प्रियंका का मोहबाइलः परिवार से बातचीत के करीब एक घंटे बाद जब दोबारा प्रियंका को फोन किया गया तो मोबाइल आउट ऑफ रेंज आने लगा. शुरुआत में परिजनों ने इसे नेटवर्क या मोबाइल की बैटरी की समस्या माना, लेकिन इसके बाद लगातार फोन करने पर मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा. इसी बीच नेपाल में भीषण बाढ़ और तबाही की खबरें सामने आने लगीं. परिवार ने तुरंत नेपाल के अधिकारियों से संपर्क किया. अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, जिस क्षेत्र में प्रियंका की लोकेशन बताई जा रही थी, वहां बाढ़ से भारी तबाही हुई है और कई होटल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं.
टीम के अन्य सदस्यों के बारे में भी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहींः परिवार के लोगों ने बताया कि प्रियंका के साथ गई टीम के अन्य सदस्यों के बारे में भी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है. परिजनों ने प्रियंका का मोबाइल नंबर नेपाल के अधिकारियों के साथ साझा किया है और लगातार उनकी सुरक्षित होने की जानकारी मिलने का इंतजार कर रहे हैं. परिवार के सदस्यों ने बताया कि नेपाल पहुंचने के बाद प्रियंका और उनकी टीम ने कई पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया. इसके बाद वह टीम के सदस्यों के साथ कैलाश मानसरोवर यात्रा में भी शामिल हुई थीं. आखिरी बातचीत में भी उन्होंने परिवार को अपनी यात्रा और टीम के साथ होने की जानकारी दी थी.
फिनलैंड में रहने वाले इंजीनियर से हुई है डॉ. प्रियंका की शादीः परिवार के मुताबिक, प्रियंका की पढ़ाई का एक हिस्सा छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हुआ. इसके बाद उन्होंने मेडिकल की शिक्षा फिनलैंड में पूरी की और वर्तमान में वहीं डॉक्टर के रूप में कार्यरत हैं. प्रियंका ने फिनलैंड में रहने वाली इंजीनियर याइनी से शादी की है.
26 अगस्त को वापसी की टिकट थी: प्रियंका के चचेरे भाई विकास ओला ने बताया कि “प्रियंका की 26 अगस्त को वापसी की टिकट थी. वह रक्षाबंधन के अवसर पर अपने परिवार के पास बिलासपुर पहुंचने वाली थीं. परिजनों के मुताबिक, प्रियंका करीब दो साल पहले अपने पैतृक गांव बरसी आई थीं और गांव में परिवार और परिचितों से मुलाकात की थी. उस दौरान उन्होंने जल्द दोबारा गांव आने का वादा किया था.”
परिजनों की बढ़ी चिंताः अब नेपाल में संपर्क टूटने के बाद परिवार बेहद चिंतित है. परिजन लगातार नेपाल के अधिकारियों से संपर्क में हैं और प्रियंका की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं. परिवार की एक ही दुआ है, डॉ. प्रियंका चौधरी सुरक्षित हों और जल्द अपने घर लौटें. परिजनों ने भारत सरकार से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और नेपाल सरकार के साथ समन्वय कर प्रियंका की तलाश करवाने की गुहार लगाई है.