भिवानी बाईपास पर 27 करोड़ की लागत से बनने वाले 6 लेन ओवरब्रिज का निर्माण शुरू, उड़ रही धूल से बढ़ी परेशानी
भिवानी के हालुवास चौक पर 27 करोड़ से बनने वाले 6 लेन ओवरब्रिज का निर्माण शुरू हो गया है। पाइल टेस्टिंग के बाद सड़क पर फैली मिट्टी से राहगीर परेशान हैं।
भिवानी। शहर के चारों तरफ करीब 34 किलोमीटर लंबे बाईपास के हालुवास चौक पर 27 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले करीब साढ़े 1900 मीटर लंबे छह लेन ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होते ही अव्यवस्थाओं से घिर गया है। कंस्ट्रक्शन एजेंसी ने पाइल टेस्टिंग के बाद पिल्लर के लिए खोदे गए गड्ढों से निकली मिट्टी सड़क के आसपास छोड़ दी है।
कंस्ट्रक्शन एजेंसी ने हालुवास चौक बाईपास के दायरे में पुल निर्माण के लिए पाइल टेस्टिंग पूरी कर ली है। इसके बाद पिल्लर के लिए खोदे गए बड़े गड्ढों को भर दिया गया लेकिन खोदाई के दौरान निकली मिट्टी आसपास और सड़क पर ही छोड़ दी गई। वाहनों की आवाजाही के बीच यही मिट्टी धूल का कारण बन रही है।
यह पुल करीब 14 मीटर चौड़ा और 6 लेन का होगा। इसकी लंबाई करीब साढ़े 1900 मीटर रहेगी। दोनों तरफ सर्विस लेन भी तैयार की जाएंगी। पुल को डेढ़ साल की निर्धारित अवधि में तैयार किया जाना है। पाइल टेस्टिंग के बाद मिट्टी हटाकर वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता सुनिश्चित करना भी एजेंसी की जिम्मेदारी है।
देश के कई राज्यों को जोड़ने का सेतु है भिवानी का बाईपास
भिवानी का बाईपास हिमाचल, राजस्थान, दिल्ली, मेरठ, पंजाब के अलावा महाराष्ट्र तक सड़क मार्ग से जुड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है। बाईपास भिवानी के रास्ते कई राज्यों को आपस में जोड़ता है। हालुवास चौक पर वाहनों की अत्यधिक आवाजाही के कारण यहां यातायात में रुकावट की स्थिति बन रही थी। इसी के चलते चौक पर ओवरब्रिज का निर्माण शुरू किया गया है।